एक पाती अलवर के नाम | 06.10.2025

06/10/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

बीते सप्ताह आप सभी के साथ विजयदशमी (2 अक्टूबर) को बड़े उत्साह और उल्लास से मनाया। भिवाड़ी से अलवर तक, मैं कई रामलीलाओं और रावण दहन के कार्यक्रमों में सम्मिलित हुआ। भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का जो उत्सव अलवर में होता है वो पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। इसीलिए मैंने अलावड़ा में होने वाली अद्भुत और अद्वितीय रामलीला को आने वाले वर्षों में अधिक व्यवस्थित और भव्य बनाने का निर्णय लिया है।

विजयदशमी के पर्व की शुरुआत भिवाड़ी में मैंने बाबा मोहन राम मंदिर का भूमिपूजन तिजारा विधायक श्री महंत बाबा बालक नाथ जी, तथा समालखा विधायक श्री मनमोहन भढ़ाना जी के साथ किया। भिवाड़ी में लोक देवता बाबा मोहन राम काली खोली धाम का नया मंदिर 15 करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहा है।

उसी दिन भिवाड़ी में निर्माणाधीन स्टेडियम में उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए मैंने अपने सांसद कोष से 50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। मेरा आप सभी से वादा रहा है कि खेलों और खिलाड़ियों को उचित साधन और मंच देने के लिए मैं लगातार प्रयासरत रहूँगा। इसी श्रृंखला में शनिवार (4 अक्टूबर) को मैंने अलवर सांसद खेल उत्सव (ASKU) के आयोजन से सम्बंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजक समिति के साथ ली। इस बार ASKU के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत 29 अक्टूबर से होगी। पंजीकरण बंद होने में क्योंकि अब कुछ ही दिन शेष हैं, मैं सभी युवाओं से आग्रह करता हूँ, अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। मैं सभी बड़ों से भी आग्रह करता हूँ युवाओं को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और उनके पंजीकरण में सहायता करें। आप https://asku.ticketroot.com/ पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण से जुड़ी सभी जानकारियाँ आप मेरे ऑफिस में +91 9119130230 पर कॉल करके ले सकते हैं।

जहाँ हम खेलों को प्रोत्साहन दे रहे हैं वहीं स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

आज (5 अक्टूबर) को विशेष संतोष की अनुभूति कर रहा हूँ क्योंकि अभी कुछ देर पहले ही मैंने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की अलवर शाखा की 5 मोबाइल मेडिकल वैन यूनिट्स का उद्घाटन किया है। इन 5 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के लिए 5 करोड़ 71 लाख स्वीकृत किए गए थे। आपको यह जानकर गर्व होगा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर शाखा राजस्थान की एक मात्र शाखा है जिसको आरईसी फाउंडेशन की ओर से सीएसआर के तहत यह प्रोजेक्ट मिला है। इन मोबाइल वैनों के माध्यम से 2,121 गांवों में निशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश को 'स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत' का नारा दिया है। बीमारी का इलाज तो ज़रूरी है मगर बीमारी की रोकथाम उससे भी ज़्यादा आवश्यक है। स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस व गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर नगर परिषद भिवाड़ी के वार्ड नंबर 25 को स्वच्छ वार्ड घोषित किया गया है।

स्वच्छ भारत दिवस समारोह के अंतर्गत माननीय राज्यपाल महोदय श्रीमान हरिभाऊ बागड़े ने वार्ड नंबर 25 को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वार्ड नंबर 25 के सभी लोगों को बधाई। मुझे उम्मीद है आपसे प्रेरणा लेकर पूरा अलवर स्वच्छता में नए आयाम गढ़ने को तैयार है।

एक बड़ी उपलब्धि यह भी रही कि हमने राजस्थान का पहला नमो बायोडायवर्सिटी पार्क अलवर में बनाया है। 5 अक्टूबर को राजस्थान सरकार में मंत्री श्री संजय शर्मा जी के साथ मैंने नमो बायोडायवर्सिटी पार्क का उद्घाटन किया। यह पार्क न केवल अलवर में हरियाली बढ़ायेगा बल्कि हवा को भी स्वच्छ बनाने में कारगर साबित होगा। यह 'नमो वन' पार्क में भ्रमण करने आए लोगों को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने को भी प्रोत्साहित करेगा। आप सभी से आग्रह है इस पार्क में अपने परिवार के साथ अवश्य आएं।

जैसा कि आपको याद है 19 सितम्बर को एक अहम फैसला आया था, जिसमें कुछ मुख्य ट्रेनों के अलवर स्टॉपेज की बात थी। मुझे आपको बताते हुए खुशी हो रही है कि कल यानी 7 अक्टूबर को 22996 (मंडोर सुपरफास्ट) खैरथल में सुबह 3:54 पर रुकेगी। इसी तरह 14312 (आला हज़रत एक्सप्रेस) मलाखेड़ा पर सुबह 10:39 पर और 20487 (मालानी एक्सप्रेस) राजगढ़ पर सुबह 8:52 बजे रुकेगी। पूर्व विधायक श्री रामहेत यादव जी खैरथल में, ज़िला अध्यक्ष, भाजपा अलवर उत्तर, श्री अशोक गुप्ता मलाखेड़ा में और भाजपा नेता, श्री बन्ना राम मीना, राजगढ़ में इन ट्रेनों के स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे। आप सभी को इन ट्रेनों के स्टॉपेज से यात्रा में सुगमता मिले मेरी ऐसी कामना है।

शनिवार (4 अक्टूबर) को मुझे अलवर में श्री राज ऋषि अभय समाज द्वारा आयोजित बाबा भर्तृहरि नाटक का शुभारंभ करने के शुभावसर मिला। अलवर बाबा भर्तृहरि की तपोभूमि रही है, बाबा भर्तृहरि नाटक का आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य करते हैं। मैं इस नाटक के सफल मंचन के लिए सभी कलाकारों और आयोजकों का अभिनंदन करता हूँ। इन नाटकों के मंचन से ही हम अपनी संस्कृति, अध्यात्म और धर्म को सफलतापूर्वक आने वाली पीढ़ियों तक ले जा पायेंगे।

शनिवार का दिन संस्कृति का रहा तो रविवार की सुबह संगीत के साथ हुई। अलवर के महावर ऑडिटोरियम में 11वीं अखिल भारतीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में पुरस्कार वितरण का सौभाग्य मिला। इसी कड़ी में मधुर संगीत का जो समां बंधा उसने सभी श्रोताओं का मन मोह लिया।

संस्कृति, संगीत, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण हर क्षेत्र में बीता सप्ताह अलवर के लिए महत्वपूर्ण रहा। हम यूँ ही साथ मिलकर त्योहार और अपनी सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव मानते रहें। हम यूँ ही स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण में नए आयाम हासिल करते रहें।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव