Read in English | Read in Hindi
स्वच्छता ईश्वरत्व के निकटता का मार्ग...
आज (रविवार, 28 सितम्बर) यह पत्र हैदराबाद में लिख रहा हूँ और आप सभी के साथ हैदराबाद आने का उद्देश्य और अनुभव साझा करना चाहता हूँ। मैं हैदराबाद श्री कमलेश डी पटेल, जिन्हें हम प्रेम और आदर से दाजी कहते हैं, के जन्मदिन के समारोह में सम्मिलित होने आया था।
पद्म भूषण से सम्मानित और हार्टफुलनेस मेडिटेशन के आध्यात्मिक गुरु, दाजी, ने कान्हा शांति वनम में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत 10 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया था। उनके जन्मदिन पर मुझे उन्होंने 10 लाखवां पौधा लगाने के लिए आमंत्रित किया था। कान्हा शांति वनम में लगाए गए पौधों के पुष्पित-पल्वित होने के लिए जो देखभाल दिखती है वो यह सिखाती है कि पौधे लगाना किसी संख्या का रिकॉर्ड बनाना नहीं बल्कि पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का प्रयास है। दाजी ने कान्हा शांति वनम में ध्यान, योग और आध्यात्म की जो अलख जगाई है वो ईश्वर से निकटता का अनुभव कराती है।
ईश्वर से निकटता का एक और मार्ग है स्वच्छता। बीती 26 सितम्बर को अलवर ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 'स्वच्छता अभियान: एक दिन, एक घंटा, एक साथ' में जिस एकजुटता, कर्तव्यबोध और नागरिक सजगता का प्रमाण दिया वो प्रेरणादायी है। सुबह के 6 बजे से 39 संगठनों के परचम तले अपने शहर को स्वच्छ रखने की जो संकल्पशक्ति आपने प्रदर्शित की उसने मुझे और मेरे मित्र तथा राजस्थान सरकार में मंत्री श्री संजय शर्मा जी को कार्य करने के नयी ऊर्जा दी। हमने ऑटो टिप्पर और स्कूटी से चलकर आपके जो प्रयास देखे उनके लिए मैं आप सभी का अभिनन्दन करता हूँ।
मैं उन 39 संगठनों का भी अभिनन्दन करता हूँ जिन्होंने इस अभियान को ऐसा सफल बनाया की पूरे देश ने अलवर को सराहा।
1. स्काउट गाइड फेलो
2. लायंस क्लब चार यूनिट
3. ऑटो मोबाइल एसोसिएशन
4. आरडीएनसीसी मित्तल फाउंडेशन
5. सुभाष नगर योगा ग्रुप
6. चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स
7. एम.आई.ए. एसोसिएशन
8. मानव उद्धार सेवा आश्रम
9. गुर्जर समाज समिति
10. लघु उद्योग भारती
11. डेरा सचखण्ड सेवा
12. श्री सर्पफा बाजार व्यापार समिति
13. बापू बाजार व्यापार समिति
14. अलवर रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन
15. अलवर नमकीन एसोसिएशन
16. गायत्री परिवार
17. बड़ काजियान एसोसिएशन
18. भारतीय योग संस्थान
19. आई.एम.ए. अलवर
20. गणेश मार्केट व्यापार संघ
21. क्राकरी व्यापार महासंघ
22. कलाकंद मार्केट एसोसिएशन
23. चूड़ी मार्केट विकास समिति
24. चूड़ी मार्केट टेली पटरी मजदूर यूनियन
25. चूड़ी मार्केट व्यापार संघ
26. सर्राफा मंडी एसोसिएशन
27. भारतीय जनता पार्टी
28. रोटरी क्लब
29. मनरेगा
30. किराना व्यापार संघ
31. केडलगंज व्यापारिक संचालन समिति
32. केडलगंज ट्रक ओनर्स एसोसिएशन
33. हलवाई विकास समिति
34. टेली मजदूर यूनियन
35. अलवर साड़ी डीलर्स एसोसिएशन
36. वीर बाजार व्यापार समिति
37. किराना व्यापार महासंघ
38. कृषि उपज मंडी
39. नगर निगम अलवर
आप सभी का धन्यवाद!
मैं इस पाती के माध्यम से आप सभी से अपील करता हूँ की साफ-सफाई के प्रति अपने कर्त्तव्य को निभायें। सरकार के स्तर पर मैं इस प्रयास को सफल बनाने के लिए कर्तव्यबद्ध हूँ लेकिन हमारे क्षेत्र की सफाई कर्मियों मात्र की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें नागरिकों की भी अहम भूमिका है। हम एक साथ मिलकर स्वच्छता सर्वेक्षण में एक साल के अंदर 364 से 54वें स्थान तक आये हैं, और जो जस्बा हमने 26 सितम्बर को दिखाया उसके साथ हम पहले 10 में भी बहुत जल्दी आ सकते हैं।
मुझे इस सप्ताह जहाँ कान्हा शांति वनम जाने का अवसर मिला वहीं ISKCON द्वारा महाराष्ट्र के पालघर में गोवर्धन इको-विलेज जाने का अवसर भी मिला। वहाँ मैंने Native Food Matters (देशी भोजन महत्वपूर्ण है) नाम की एक पहल का शुभारम्भ किया।
गोवर्धन इको-विलेज में मैंने सौर ऊर्जा आधारित अवसंरचना, वर्षा जल संचयन और बीज बैंक जैसे प्रयासों के माध्यम से पारिस्थितिक जीवनशैली को साकार होते देखा। Native Food Matters पारंपरिक खाद्य प्रणालियों को पुनर्जीवित करने का ISKCON का एक संकल्प है। यह एक ऐसी प्रणाली जो लोगों के साथ-साथ धरती को भी पोषण देती है। यह परियोजना हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 'श्री अन्न' को प्रोत्साहन देने के अभियान के अनुरूप है, जो लोगों के स्वास्थ्य और धरती के स्वास्थ्य दोनों के हित में है। मैं सभी से अपील करूँगा 'श्री अन्न' को अपने परिवार के पोषण में जोड़ें ताकि आप भी स्वस्थ रहें और धरती भी।
यह सप्ताह नवरात्र के पावन पर्व का रहा। नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है और महिला शक्ति का रूप हैं। मुझे खुशी है नवरात्रि के इस पावन पर्व पर मुझे 27 सितम्बर को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत पोषण माह में 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान' के माध्यम से आईसीडीएस विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला। जहाँ इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और उनके शिशुओं के पोषण पर ध्यान केंद्रित किया गया वहीं मुझे बहरोड़ में राजकीय कन्या महाविद्यालय भवन का लोकार्पण करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ।
मैंने बर्डोद, बहरोड़ में बालिका महाविद्यालय एवं सामुदायिक भवन तथा पैथोलॉजी लैब का लोकार्पण राजस्थान उपमुख्यमंत्री श्री प्रेम चंद्र बैरवा जी के साथ किया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को आजीविका तथा घरेलू उपयोग के लिए सिलाई मशीन भेंट की गई। इसी के साथ मैंने हमीदपुर, बहरोड़ में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का लोकार्पण भी किया। यह उद्घाटन हमारी बच्चियों को अच्छी शिक्षा तथा हमारी महिलाओं को स्वास्थ और आजीविका के अवसर प्रदान करने की कड़ी का भाग हैं। मैं नवरात्रि में इस नारी शक्ति का वंदन करता हूँ।
2 अक्टूबर को विजयादशमी का त्यौहार पूरे देश के साथ अलवर में भी उत्साह और उमंग से मनाया जायेगा। मैं आप सभी को दशहरे की ढ़ेरों शुभकामनाएं देता हूँ। प्रभु राम हम सभी को इस अवसर पर न्याय और सत्य के मार्ग पर बने रहना है साहस, सम्बल और सद्बुद्धि दें, यही प्रार्थना है।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव