‘एक पाती अलवर के नाम’ | 16.11.2026

16/11/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

इस सप्ताह की यह पाती मैं आप सभी को तुर्किये से लिख रहा हूँ, जहाँ मैं COP31 की वार्ताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेने आया हूँ। जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इन महत्वपूर्ण वैश्विक विमर्शों के बीच भी मेरा मन और विचार सदैव अलवर की उन्नति और विकास के साथ जुड़े हुए हैं।

आपको यह जानकर खुशी होगी कि तिजारा-कहरानी इंडस्ट्रियल क्षेत्र में लगभग 2.43 करोड़ रुपये की लागत से साइकिल एवं वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है, जिसे 31 मार्च, 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह परियोजना क्षेत्र के नागरिकों को पैदल चलने और साइकिल चलाने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी। इस ट्रैक के मार्ग में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 5,000 पौधे भी लगाए गए हैं।

यह पहल स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेगी। हमारा प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और हरियाली को भी समान प्राथमिकता मिले, ताकि तिजारा-कहरानी क्षेत्र को एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।

मैं आपसे एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करना चाहता हूँ। बीते सप्ताह अलवर सरस की ओर से सचिव कल्याण कोष के अंतर्गत हमें कुछ परिवारों के जीवन में संबल और सहारा प्रदान करने का अवसर मिला।

मालाखेड़ा की हजारिया बास बावड़ी समिति के सचिव स्वर्गीय श्री राम सिंह सैनी जी के निधन के उपरांत उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चिड़िया देवी जी को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता का चेक भेंट किया। साथ ही, मुंडावर की जिंदोली समिति के सचिव श्री चन्दनलाल मिश्रा जी के असहाय बीमारी से पीड़ित होने के कारण उनके परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गई।

सचिव कल्याण कोष का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में समिति के सचिवों एवं उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि संकट की घड़ी में उनके परिवारों को सहयोग मिल सके और वे स्वयं को अकेला महसूस न करें।

किसी भी शहर की पहचान केवल उसकी आधारभूत सुविधाओं और आर्थिक विकास से नहीं होती, बल्कि उसकी कला, संस्कृति, सामाजिक चेतना और बौद्धिक गतिविधियों से भी बनती है। इसी सोच के साथ अलवर में मत्स्य संघ के आर्थिक सहयोग से संचालित ऑडिटोरियम शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

यह ऑडिटोरियम सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। इससे हमारे युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

इसके अतिरिक्त सरकारी कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, सम्मेलनों और जनसंवाद जैसे आयोजनों के लिए भी एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

मेरा मानना है कि ऐसे सार्वजनिक मंच किसी भी शहर की सामाजिक जीवंतता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है और नागरिकों के बीच आपसी संवाद, सहभागिता और सामुदायिक जुड़ाव मजबूत होता है।

हमारा प्रयास है कि अलवर का विकास केवल भौतिक सुविधाओं तक सीमित न रहे, बल्कि यहां के युवाओं को अवसर, कलाकारों को मंच और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी प्रतिभा एवं विचार साझा करने के लिए बेहतर स्थान भी मिले।

मेरा मानना है कि विकास केवल सड़कों और आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए। विकास का वास्तविक अर्थ है बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ, स्वच्छ वातावरण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहारा देना।

हमारी प्राथमिकता एक ऐसा अलवर बनाना है, जहाँ हरियाली और स्वच्छता के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बनी रहे।

इसी संकल्प के साथ हम अलवर के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

 

आपका अपना

 

भूपेंद्र यादव