‘एक पाती अलवर के नाम’ | 09.11.2026

09/11/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

इस पाती के माध्यम से मैं प्रत्येक सप्ताह अलवर लोकसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों, नई स्वीकृतियों और जनहित से जुड़ी उपलब्धियों को आप सभी के साथ साझा करता हूँ। लेकिन आज की यह पाती विकास कार्यों के ब्यौरे के बजाय अलवर की राजनीति के एक ऐसे व्यक्तित्व को याद करते हुए लिख रहा हूँ, जिन्होंने अपना पूरा सार्वजनिक जीवन राजनीति और जनसंपर्क को दिया ।

आज बहरोड़ विधायक एवं वरिष्ठ नेता डॉ. जसवंत यादव जी की अंत्येष्टि में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका जाना अलवर की राजनीति के एक ऐसे अध्याय का अवसान है, जिसमें जनसंपर्क, संघर्ष, स्पष्टवादिता और जमीन से जुड़ाव की एक अलग पहचान थी।

डॉ. जसवंत यादव जी का अलवर की राजनीति में लंबा और महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्ष 1999 में सांसद निर्वाचित होने के समय से ही उनसे मेरे नज़दीकी संबंध रहे। उनके व्यक्तित्व की कुछ विशेषताएँ हमेशा स्मरण में रहेंगी। बातचीत में बेबाकी, कार्यशैली में आक्रामकता और जनसंपर्क में आत्मीयता। वे जितनी स्पष्टता से अपनी बात रखते थे, उतनी ही दृढ़ता से अपने विचारों और सुझावों पर खड़े भी रहते थे।

लोगों को जोड़ने और राजनीति की नब्ज समझने में उनका कोई मुकाबला नहीं था। जिला परिषद से लेकर विधानसभा और संसद तक, उन्होंने जमीनी राजनीति के हर स्तर पर अपनी सक्रियता और कार्यक्षमता का परिचय दिया। वे सुबह जल्दी अपना दिन शुरू करने वाले व्यक्ति थे और क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी निरंतर उपस्थिति उनकी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा थी।

अक्सर लोग राजनीति को केवल हार और जीत के नजरिये से देखते हैं, लेकिन डॉ. जसवंत जी ने हमेशा यह दिखाया कि राजनीति की वास्तविक ताकत जनता के बीच रहकर, उनकी पंचायत में उनकी आवाज उठाते हुए और उनके लिए निरंतर संघर्ष करते रहने में है। चुनावी परिणाम चाहे जो रहे हों, उन्होंने अपनी राजनीतिक शैली से कभी समझौता नहीं किया और न ही हार-जीत को अपने सार्वजनिक जीवन की सक्रियता पर हावी होने दिया।

पेशे से डॉक्टर रहे डॉ. जसवंत जी लोगों की नब्ज के साथ-साथ राजनीति की नब्ज भी बखूबी समझते थे। अपने राजनीतिक जीवन के विभिन्न पड़ावों पर उन्होंने जिस तरह अपनी अलग पहचान बनाई, वह उनकी नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का परिचायक था।

मेरा उनसे व्यक्तिगत संवाद और अपनायत का रिश्ता रहा। उनके विधानसभा चुनावों के दौरान और मेरे अपने चुनावी समय में भी हमने अपने विचार और अनुभव साझा किए। उन्होंने न तो अपने सुझाव देने में कभी संकोच किया और न ही अपनी बात स्पष्ट रूप से रखने में। उनके सुझावों में अनुभव की गहराई और उनकी बातों में एक स्पष्ट राजनीतिक दृष्टिकोण होता था।

राजनीति में ऐसे लोग विरले होते हैं, जो अपने दम पर हौसलों की उड़ान भरते हैं और ऊंचाइयों तक पहुंचने के बाद भी अपनी नजरें जमीन पर टिकाए रखते हैं। डॉ. जसवंत यादव जी ऐसे ही जमीन से जुड़े नेता थे। आज हमने अलवर की राजनीति में जमीनी पकड़ रखने वाला, लोगों के बीच रहने वाला और अपने दम पर अपनी पहचान बनाने वाला एक बड़ा व्यक्तित्व खो दिया है।

उनका जाना मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत क्षति है। उनके परिवार से मेरा लगाव रहा है। इस दुःख की घड़ी में किरण भाभी, मोहित भाई एवं समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। डॉ. जसवंत जी के समर्थकों के प्रति भी मेरी गहरी सहानुभूति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों और उनके शुभचिंतकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

ॐ शांति ।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव