‘एक पाती अलवर के नाम’ | 12.10.2026

12/10/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। माँ दुर्गा की कृपा से आपके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो तथा अलवर निरंतर प्रगति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे, मेरी माँ से यही प्रार्थना है।

हर सोमवार की तरह, आज भी इस पाती के माध्यम से आप सभी से संवाद करने का अवसर मिला है। फिजी से लौटने के बाद सप्ताहांत में आप सभी के बीच बिताने और क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने का अवसर मिला। मुझे बहुत खुशी है कि कल मैंने अलवर के बुध विहार स्थित राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय में बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। ₹17.20 लाख की लागत से निर्मित यह कोर्ट महाविद्यालय के विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा निखारने, शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने और खेलों के माध्यम से अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा। क्योंकि अलवर के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना शुरू से मेरा उद्देश्य रहा है, मुझे खेलों से जुड़ी आधारभूत अवसंरचना को प्रोत्साहन देकर बहुत खुशी होती है।

इसी दिशा में मेरी एक पहल है अलवर टाइगर मैराथन। जल्द ही अलवर टाइगर मैराथन के तीसरे चरण से जुड़ी कुछ बड़ी जानकारियाँ भी आपके साथ साझा करूँगा। पर आज मैं अलवर लोकसभा क्षेत्र में विगत सप्ताह हुए विकास कार्यों की बात करना चाहूँगा।

हम देश की तर्ज पर अलवर में भी कई कदम हरित विकास के लिए उठा रहे हैं। अलवर को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में लगभग ₹16.07 करोड़ की लागत से शहर के 40 स्थानों पर 110 सार्वजनिक चार्जर स्थापित किए जाने की योजना को स्वीकृति मिल चुकी है। आर. आर. कॉलेज के एनसीसी परिसर में शहर का सबसे बड़ा चार्जिंग हब विकसित होगा, जहाँ 4 एसी और 4 फास्ट डीसी सहित कुल 8 चार्जर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कंपनी बाग, इंदिरा गांधी स्टेडियम, नेहरू गार्डन, निम्स हॉस्पिटल सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी चार्जिंग सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। प्रदेश के स्टेट और नेशनल हाईवे पर भी 52 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। इन सुविधाओं से इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदूषण कम करने के हमारे प्रयासों को गति मिलेगी।

अलवर शहर में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर विकास न्यास द्वारा ₹3.98 करोड़ की लागत से 6.70 किलोमीटर लंबाई की सीसी एवं डब्ल्यूबीएम सड़कों के निर्माण तथा ₹2 करोड़ की लागत से नाला निर्माण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी गई है।

इसके अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर पार्ट-बी में 1.20 किलोमीटर सड़क तथा ग्राम अलवर नंबर-1 में मार्बल एवं कातला पट्टी व्यावसायिक क्षेत्र में 5.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, वैशाली नगर और वेयरहाउसिंग गोदाम योजना में 390 मीटर लंबाई में नाला निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से आप लोगों का आवागमन सुगम होगा और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करने में सहायता मिलेगी।

विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें हर नया कदम क्षेत्र की प्रगति और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए, अलवर शहर में सड़कों की स्थिति सुधारने और धूल प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से CAQM रोड रीडेवलपमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत 21.21 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 10.05 किलोमीटर सड़कों के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं, जिनमें 3.295 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है और 6.76 किलोमीटर पर कार्य प्रगति पर है। शेष 11.16 किलोमीटर सड़कों के कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है और कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। इन कार्यों के पूरा होने से शहर की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और नागरिकों को अधिक सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

अलवर की उन्नति का यह सफर निरंतर प्रयासों, जनभागीदारी और विकास के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता से आगे बढ़ेगा। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र में विकास की हर पहल नागरिकों के जीवन को सुगम बनाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर तैयार करे। आप सभी के सुझाव और सहयोग इस यात्रा में सदैव महत्वपूर्ण हैं। आप सभी को नवरात्रि की पुनः हार्दिक शुभकामनाएँ।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव