एक पाती अलवर के नाम | 22.09.2025

22/09/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

मोदी मंत्र - जो फिट है वो हिट है

आज (21.09.2025) इस पत्र को लिखते हुए विशेष रूप से खुशी का अनुभव हो रहा है। अभी कुछ देर पहले ही मैंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस पर मनाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” के अंतर्गत आयोजित “नमो युवा रन – (नशा मुक्त भारत के लिए)” में आप सभी के साथ भाग लिया। आप सब इतनी बड़ी संख्या में सुबह-सुबह इस दौड़ का हिस्सा बने यह इस बात का प्रतीक है कि अलवर 'जो फिट है वो हिट है' के मूलमंत्र को आत्मसात कर सकारात्मक पहलों और अभियानों के साथ जुड़ने के लिए तैयार है।

9 हज़ार से ज़्यादा लोग एक ही ध्येय - विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, नशा मुक्त भारत, और स्वदेशी भारत - के लिए साथ आए, यह बड़े संतोष का विषय है।

हर सफल आयोजन के पीछे कुछ ऐसे लोग होते हैं जो निस्वार्थ भाव से पूरी मेहनत से काम करते हैं। मैं 21 सितम्बर की सफल 'नमो मैराथन' के लिए उन सभी को ह्रदय से धन्यवाद देना चाहता हूँ।

मेरी खुशी का एक और कारण है शनिवार (19 सितम्बर) को आई एक बड़ी खबर जिसकी पृष्ठभूमि 5 सितम्बर को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के साथ मेरी और अलवरवासियों की एक मीटिंग में तय हुई। हमने मिलकर अश्विनी जी से अलवरवासियों के लिए रेल यात्रा में अधिक सुगमता का अनुरोध किया था। शनिवार को आए फैसले में यह बताया गया कि ट्रेन संख्या 22995/22996 – जोधपुर - दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस खैरथल (KRH) स्टेशन पर, ट्रेन संख्या 14312/14322 – भुज - बरेली आला हज़रत एक्सप्रेस, मालाखेड़ा (MKH) स्टेशन पर, ट्रेन संख्या 20487/20488 – बाड़मेर - दिल्ली मैलानी एक्सप्रेस राजगढ़ (RHG) स्टेशन पर भी रुकेंगी। इस फैसले के बाद खैरथल, मालाखेड़ा और राजगढ़ के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मैं सभी को इन ट्रेनों के ठहरावों के लिए बधाई देता हूँ।

19 सितम्बर को मैं भिवाड़ी में था और मुझे लघु उद्योग भारती के 12वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर 2025 कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ।

पूरे देश की तरह, भिवाड़ी में भी लघु उद्योग भारती सूक्ष्म और लघु उद्योगों के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है।

आज जब आप यह पाती पढ़ रहे हैं तो हम सब शक्ति की उपासना के पर्व नवरात्रि के शुभारम्भ के साथ ही 'GST बजट उत्सव' भी मना रहे हैं। GST रिफार्म का उद्देश्य देश में टैक्स सिस्टम को सरल बनाना और उद्योग जगत के साथ-साथ आम उपभोक्ता को बड़ी राहत देना है। इस GST में 390 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में ऐतिहासिक कमी की गई है। इस बचत उत्सव का लाभ गरीब, मध्यम वर्ग, नव मध्यम वर्ग, युवाओं, किसानों, महिलाओं, दुकानदारों, व्यापारियों और उद्यमियों, सभी को समान रूप से मिलेगा।

18 सितम्बर को मैं दिल्ली में रहा और उस दिन दिल्ली के सेंट्रल रिज, पीबीजी पोलो ग्राउंड में विभिन्न देशों से आये 70 राजनयिकों के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। पीएम श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। हमने यह आयोजन सेवा उत्सव के अंतर्गत इसलिए भी कराया क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर अपने गुजरात के मुख्यमंत्री काल से देते आए हैं।

17 सितम्बर का दिन भी बहुत खास रहा। यह दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिन के उत्सव का रहा। पूरे देश ने इस उत्सव को 'सेवा उत्सव' के रूप में मनाया। मैं इस दिन आप सभी के बीच अलवर में ही रहा और सुबह हमने साथ आकर रक्तदान किया। रक्तदान समुदायों में एकता और आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयारी को बढ़ावा देता है। इससे कई जानें बच सकती हैं अतः रक्तदान शिविर में अलवर का उत्साह देख मुझे आनंद की अनुभूति हुई।

हमें इस दिन एक और बहुत बड़ी पहल की। मैंने अलवर के अपने साथियों के साथ डस्टबिन बांटे। मैंने अलवर के बाज़ार में खुद दुकानों पर डस्टबिन का वितरण किया और गीले और सूखे कचरे को घरों और दुकानों से निकालने से पहले ही अलग-अलग करने की आदत डालने पर बल दिया। मेरा मानना है यह छोटी-छोटी पहलें हमें अलवर को स्वच्छ और देश को हरित बनाने के लिए करनी ही चाहिए।

विगत सप्ताह, अलवर में सड़क तंत्र के विस्तार, उसे सुदृढ़ करने व नये निर्माण कार्यों की मांगों की दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण रहा।

16 सितम्बर को मैंने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक इसी विषय पर की। मेरे साथ इस अवसर पर अलवर लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मंडल भी उपस्थित रहा।

हम सभी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, सरिस्का एलिवेटेड रोड परियोजना, पनियाला-बड़ौदा मेव एक्सप्रेसवे (भारतमाला परियोजना), तथा CRIF परियोजनाओं की सौगातों पर गडकरी जी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मैंने गडकरी जी को रामगढ़ क्षेत्र की प्रसिद्ध पॉटरी व महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तशिल्प सामग्री तथा अलवर की खास पहचान कलाकंद भेंट की। मेरा मानना है अलवर में इतनी प्रतिभायें हैं यह देश से लेकर विदेश तक पहुँचनी चाहिए।

हमारी बैठक में क्षेत्र को कई सौगातें मिलीं और कई मांगों पर सकारात्मक समीक्षा की सहमति बनी। इस बैठक में बगड़ तिराहे से नौगांवा (NH 248 ए) को फोरलेन करने की स्वीकृति मिली। यह भी तय हुआ कि रामगढ़-गोविंदगढ़ स्टेट हाइवे 45 का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए बरवाड़ा गांव के पास इंटरचेंज मंजूरी का संशोधित प्रस्ताव बनेगा। बैठक में तय हुआ कि सात किमी लंबे रामगढ़ बाइपास व ओवरब्रिज का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। बरवाड़ा के समीप इंटरचेंज बनने से रामगढ़ व गोविंदगढ़ के साथ नौगांवा सहित आसपास के इलाके भी एक्सप्रेस-वे से जुड़ सकेंगे।

बैठक में एनएच 921 (काेठीनारायणपुर से महुआ) तक प्रस्तावित फोरलेन के काम को जल्द शुरू कराने का प्रस्ताव रखा गया। श्री गडकरी जी ने दिसंबर माह तक इसके लिए सभी स्वीकृतियां देने के निर्देश दिए। इसी तरह रैणी से बालाजी (एमडीआर 326) एवं पंचमुखी हनुमान जी बांदीकुई से हिंगोटा (एमडीआर 447) को सीआरआईएफ योजना में स्वीकृति और बजट आवंटन करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इनके बनने से बांदीकुई, बैजूपाड़ा, मंडावर, रैणी, दौसा एवं अलवर जिलों के कई अन्य क्षेत्रों से जुड़ेंगे। मेहंदीपुर बालाजी, अलवर जिले के उकेरी स्थित कपिल मुनि धाम और एनई 4 तथा एनएच 921 व एसएच 78 भी इसके माध्यम से जुड़ेगा। यह सड़क पंचमुखी हनुमानजी को बांदीकुई से भी जोड़ेगी। किसानों की सुगमता के लिए बड़ौदामेव-पनियाला एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड बनाने के लिए सर्वे कराए जाने के निर्देश भी जारी किये गए।

मैं लगातार भिवाड़ी में हो रही जलभराव की समस्या का समाधान ढूंढने के लिए प्रयासरत हूँ। इसके लिए मैंने 19 सितम्बर को भी भिवाड़ी में सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। 16 सितम्बर को गडकरी जी ने हमारी बैठक के दौरान राजस्थान एवं हरियाणा और एनएचएआई के अधिकारियों को एनएच 919 पर जलभराव के स्थाई समाधान के लिए केंद्रीय स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

हमारी बैठक में कई अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यकाल में सड़क परिवहन सुगम हुआ है और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेज़ी भी आयी है जिससे सामान्य जन के जीवन स्तर में विशेष सुधार आया है। हम अलवर में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और गडकरी जी के सहयोग से सड़क परियोजनों को तेज़ी से पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं।

रविवार को एक बात जो दिल को छू गयी उसे भी आपके साथ साझा करना चाहता हूँ।

अलवर में आयोजित अग्रवाल प्रतिभा सम्मान समारोह में सभी ने 'अतुल्य अलवर, स्वच्छ अलवर' के लक्ष्य को पाने के लिए शपथ ली। इसी तरह साथ आकर हम अलवर को विकास की नयी ऊँचाइयों तक ले जायेंगे।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव