Read in English | Read in Hindi
संवाद से समाधान
इस बार अपने अलवर के परिवार को पाती की श्रृंखला में पाँचवां पत्र लिख रहा हूँ। यह पत्राचार मेरे लिए अलवर और देश से जुड़े मुद्दों को आप तक पहुँचाने का एक माध्यम बन गया है।
अलवर के जो पहलू इस जगह को हमारे लिए ख़ास बनाते हैं उनमें सरिस्का टाइगर रिजर्व सबसे आगे है। मुझे आपको यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि पिछले 11 वर्षों में, यानि 2014 से 2025 तक, भारत में टाइगर रिजर्वस की संख्या 48 से बढ़कर 58 हो गयी है और टाइगर रिजर्वस का क्षेत्रफल 78,000 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 84,000 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
सरिस्का में बाघों की संख्या बढ़े इसके लिए हम कृतसंकल्पित हैं। सरिस्का के पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए ESZ (इको-सेंसिटिव ज़ोन या पारिस्थितिकी-संवेदनशील क्षेत्र) का निर्धारण अनिवार्य है। इसके लिए सबसे पहले क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट (CTH) और फिर अभ्यारण सीमा का निर्धारण ज़रूरी था। देश के उच्चतम न्यायालय के आदेश पर CTH के निर्धारण की जो प्रक्रिया शुरू हुई थी मुझे आपको बताते हुए खुशी है कि वो प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 8 सितम्बर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अभयारण्य निर्धारण का काम आगे बढ़ चला है।
मुझे विश्वास है हम इस काम को समय से पूरा कर सरिस्का के बाघों और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का संवर्धन कर पाएंगे।
मुझे दुःख है कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर दुष्प्रचार करने का काम किया। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश ने यह साबित किया कि हम सत्य की राह पर हैं। कांग्रेस के शासन काल में सरिस्का में बाघों पर ऐसा संकट आया था कि वहाँ एक समय पर एक भी बाघ नहीं बचा। लेकिन आज सरिस्का में बाघ फल-फूल रहे हैं।
जहाँ एक ओर 8 सितम्बर को सरिस्का को लेकर महत्वपूर्ण आदेश आया वहीं 9 सितम्बर भी अलवर के लिए एक बड़ी सौगात लाया।
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में अलवर 3 से 10 लाख की आबादी तक के 42 शहरों में तीसरे स्थान पर है। अलवर को इस उपलब्धि के लिए 25 लाख की इनामी राशि मिली। अलवर ने यह उपलब्धि लिगेसी वेस्ट को हटाकर मियावाकी पद्धति से स्थापित नगर वन के माध्यम से की है। मैं अलवर को इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूँ।
9 सितम्बर को राष्ट्रीय स्तर पर एक महत्तपूर्ण घटनाक्रम में माननीय श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी भारी मतों से देश के उपराष्ट्रपति चुने गए। विपक्ष के 36 अतिरिक्त वोट भी एनडीए के उम्मीदवार के पाले में आये जो I.N.D.I गठबंधन की एकजुटता पर पुनः एक बड़ा प्रश्नचिन्ह लगता है। उनकी विजय के उपरांत मैंने श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुझे विश्वास है वे अपने अनुभवों और व्यक्तित्व से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मज़बूती देंगे।
12 सितम्बर की शुरुआत आप सबके बीच अलवर में ही हुई। सुबह कंपनी बाग में आप में से कुछ लोगों से मिलने का अवसर मिला जिससे मुझे मेहनत की नयी ऊर्जा मिली।
स्वच्छता सर्वेक्षण में 364वें स्थान से 54वें पायदान पर पहुँचकर अलवर पहले ही गौरवान्वित था और अब स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में यह प्रदर्शन अलवर के हौसलों की कहानी बताता है। लेकिन और बेहतर करने की इच्छाशक्ति ही सफलता की गारंटी है। इसी उद्देश्य से मैंने 12 सितम्बर को अलवर में 2025-26 के स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की। सरकार को स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जो कदम उठाने चाहिए वो हम उठा रहे हैं लेकिन मेरी अलवर के प्रत्येक निवासी से अपील है की इस क्षेत्र को स्वच्छ और सुन्दर बनाने में अपना योगदान दें। कूड़े को कूड़ेदान में ही डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग अलग कर निर्धारित कूड़ा गाड़ी में ही डालें।
12 को मैंने अलवर में अपने पार्टी के मित्रों के साथ एक सेवा पखवाड़ा कार्यशाला में भी भाग लिया।
भाजपा परिवार पूरे देश के साथ मिलकर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, मैराथॉन, दिव्यांग शिविर जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। 17 सितम्बर देश के लिए महत्वपूर्ण दिन है। यह दिन देश की सेवा में अपना जीवन अर्पित करने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का 75वां जन्मदिन है। एक ऐसा जीवन जो देश सेवा में समर्पित रहा उसके लिए सेवा से बड़ा कोई उपहार नहीं। इसलिए देश इस अवसर को सेवा उत्सव के रूप में मनाने जा रहा है। इस सेवा उत्सव में पूरे देश में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत व्यापक रूप से पौधरोपण किया जायेगा। हम इस अभियान में 75 करोड़ पौधे लगाकर प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर अभियान को जनव्यापी बनायेंगे। इस उत्सव का समापन 2 अक्टूबर यानी गाँधी जी और शास्त्री जी की जन्मजयंती के अवसर पर होगा। अलवर के अपने पार्टी मित्रों में सेवा उत्सव के प्रति उत्साह देखकर मुझे बहुत खुशी हुई।
13 को मैंने अपना दिन विशेषकर भिवाड़ी जलभराव समस्या का समाधान ढूंढ़ने में लगाया। सुबह की सैर भिवाड़ी के सेंट्रल पार्क में की जहाँ लोगों के साथ संवाद कर उनकी आशाओं-आकांक्षाओं और परेशानियों को सुना। फिर मैं बाबा मोहन राम नगर वन का निरीक्षण करने पहुँचा जिसके बाद मैंने भिवाड़ी की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सारेखुर्द बांध का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति पर सम्बंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
भिवाड़ी से मैं जयपुर गया जहाँ मैंने राजस्थान कैबिनेट मंत्री (जल संसाधन विभाग) श्री सुरेश सिंह रावत जी और सम्बंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समस्या पर बात की और विभिन्न समाधानों का आकलन किया।
श्री सुरेश रावत जी से मिलने के बाद मैंने राजस्थान मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा जी से भेंट की।
हमने भिवाड़ी जलभराव समस्या, भिवाड़ी डेवलपमेंट अथॉरिटी, खैरथल इंडस्ट्रियल टाउनशिप, और बहरोड़-नीमराना, कोटपूतली की यूआईटी जैसे विषयों पर गहराई से चर्चा की। पूरे अलवर लोकसभा क्षेत्र के विकास के प्रति मुख्यमंत्री जी की गंभीरता और संवेदनशीलता देखकर मैं आश्वस्त हूँ अलवर क्षेत्र विकास के नए आयाम छूने जा रहा है।
रविवार, यानि 14 सितम्बर को मैंने भिवाड़ी में बाबा बालकनाथ जी के साथ आदर्श लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। पूरे अलवर लोकसभा क्षेत्र में बनायी जा रही 108 ई-लाइब्रेरीज में से एक, 42 कम्प्यूटरों के साथ यह ई-लाइब्रेरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव और आगे बढ़ने की असीम संभावनाओं का मार्ग सुनिश्चित करेगी।
मैंने रविवार को अलवर और बहरोड़ में 69वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया।
अलवर सांसद खेल उत्सव से अलवर में खेलों के प्रति बड़ी सकारात्मकता आई है और इस खेल भावना ने खेलों को हर संभव साधन और मंच देने की मेरी प्रतिबद्धता को और मज़बूत किया है।
मेरी यह पाती आपसे संवाद के एक अनूठे माध्यम का आकार ले रही है।
एक पाती की प्रतिक्रिया में उठाये प्रश्न एवं शिकायतें मुझ तक लगातार पहुँच रहे हैं। यह मेरे लिए मेहनत करते रहने की प्रेरणा है।
आप अपने सुझाव भेजते रहें। किसी एक सुझाव को मैं अगले पत्र में साझा करूँगा। और आपकी शिकायतों पर काम करते रहना मेरा दायित्व है।
परस्पर संवाद एक सेतु है। यह संवाद ही समाधान का मार्ग तय करेगा।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव