Read in English | Read in Hindi
आज का दिन मेरे लिए विशेष रहा। निकाय चुनावों के अंतिम चरण में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी का अलवर आगमन हुआ। मुख्यमंत्री जी के साथ सबसे पहले हमने अलवर के आराध्य भगवान जगन्नाथ जी के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। प्रभु जगन्नाथ जी के चरणों में शीश झुकाकर मैंने अलवर लोकसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की प्रार्थना की।
इसके बाद जब मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जगन्नाथ मंदिर से कंपनी बाग तक रोड शो का शुभारंभ हुआ, तो अलवर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। शहर के हर रास्ते, हर चौक और हर गली में भाजपा के प्रति समर्थन स्पष्ट दिखाई दे रहा था। यह अलवर की जनता का भाजपा के प्रति विश्वास, समर्थन और अपने जनप्रतिनिधियों के प्रति स्नेह का भी जीवंत प्रमाण था।
आपका यह उत्साह केवल किसी राजनीतिक कार्यक्रम की भीड़ नहीं थी। यह आपके विश्वास की आवाज थी, आपके आशीर्वाद की अभिव्यक्ति थी और उस संकल्प का प्रमाण था, जिसके साथ आप अलवर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं।
निकाय चुनावों के अंतिम दौर में आपका यह अपार समर्थन एक स्पष्ट संकेत है कि भाजपा की विजय सुनिश्चित है और अलवर में भाजपा का मेयर बनने जा रहा है।
भगवान जगन्नाथ जी के आशीर्वाद और आप सभी के स्नेह के साथ हम अलवर के विकास की इस यात्रा को और अधिक गति देने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
मेरा मानना है कि महिलाएँ सामाजिक विकास की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। जब एक महिला सशक्त होती है, तो उसका प्रभाव केवल उसके जीवन तक सीमित नहीं रहता; उसका परिवार, उसकी अगली पीढ़ी और पूरा समाज उससे सशक्त होता है। इसलिए महिलाओं का सशक्तिकरण केवल उन्हें सहायता देने का विषय नहीं, बल्कि उनकी क्षमताओं को पहचानने, उन्हें अवसर देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है।
यही कारण है कि मैंने अलवर लोकसभा क्षेत्र में 38 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), जिन्हें हम संकुल स्तरीय संघ भी कहते हैं, के भवनों के निर्माण का संकल्प लिया है। ये भवन केवल ईंट-पत्थर से बने ढाँचे नहीं होंगे, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सामूहिक प्रयास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के केंद्र बनेंगे। ये भवन महिला क्षमता निर्माण की आधारशिला तैयार करेंगे। इन भवनों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को एक साझा मंच मिलेगा, जहाँ वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगी, प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगी, अपने उत्पादों और उद्यमों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर सकेंगी और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर तलाश सकेंगी।
मेरा विश्वास है कि जब ये भवन तैयार होंगे, तो वे केवल CLF के कार्यालय नहीं होंगे, बल्कि अलवर की ग्रामीण महिलाओं के सपनों, सामर्थ्य और स्वावलंबन के नए केंद्र होंगे। आज की महिला केवल सहायता की पात्र नहीं, बल्कि विकास की भागीदार है।
भाजपा की डबल-इंजन सरकार ने अलवर लोकसभा क्षेत्र की महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की हैं। मेरा प्रयास है कि अलवर की सभी महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। किसी भी योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले व्यक्ति की पात्रता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। हम अलवर में महिलाओं को उनका यह अधिकार दिलाने के लिए भी कार्यरत हैं।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि सरकार केंद्र और राज्य के स्तर पर सैकड़ों योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के नेतृत्व का विस्तार कर रही है। मैं अपने स्तर पर सात श्रेणियाँ में चलाई जा रही योजनाओं में अलवर लोकसभा क्षेत्र की महिलाओं की पात्रता सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रहा हूँ। ये सात श्रेणियाँ इस प्रकार हैं:
1. मूलभूत सरकारी योजनाएं
2. सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण
3. वित्तीय समावेशन एवं उद्यमिता
4. कौशल विकास एवं महिला आत्मनिर्भरता
5. जागरूकता, सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण
6. कृषि एवं महिला किसान
7. पशुपालन एवं डेयरी
हमारा संकल्प है कि इन योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि अलवर की हर पात्र महिला तक पहुँचे। हमारी बहनों और बेटियों को उनके अधिकारों, अवसरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिले, वे उनका लाभ उठा सकें और अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ें, यही हमारे प्रयास का मूल उद्देश्य है।
मेरा विश्वास है कि जब अलवर की महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी, हमारी बेटियाँ शिक्षा और कौशल के माध्यम से आगे बढ़ेंगी, हमारी महिला किसान और पशुपालक सशक्त होंगी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ अपने उद्यम खड़े करेंगी, तब केवल परिवार नहीं, बल्कि पूरा अलवर सशक्त होगा।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव