Read in English | Read in Hindi
अलवर लोकसभा क्षेत्र में तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं, क्योंकि आने वाली 16 अगस्त की तारीख अलवर की विकास यात्रा के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होने वाली है।
आने वाली 16 अगस्त को देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी स्वयं अलवर के विजय नगर ग्राउंड से सरस डेयरी के ₹200 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा जी भी उपस्थित रहेंगे।
यही नहीं, ₹120 करोड़ की लागत से बने अलवर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का उद्घाटन भी माननीय गृह मंत्री जी द्वारा किया जाएगा। हमारे लोकसभा क्षेत्र के लिए इसी दिन अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया जाएगा।
निश्चित रूप से, 16 अगस्त का यह दिन अलवर के विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला है।
ये परियोजनाएँ शुरू होंगी और इससे अलवर लोकसभा क्षेत्र के लोग निश्चित रूप से लाभान्वित होंगे, लेकिन आज मैं आपको एक बात कहना चाहता हूँ। बीते सप्ताह जब इस कार्यक्रम की सूचना आप लोगों तक पहुँची, आपने इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जो उत्साह दिखाया, मैं उससे अभिभूत हूँ। जिस समर्पण भाव से आप कार्यक्रम की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी तैयारियों को लेकर जुट गए हैं, उसने मुझे बताया कि अलवर के विकास की इस यात्रा को लेकर आप सभी के मन में कितना विश्वास और अपनापन है। यह केवल एक कार्यक्रम की तैयारी नहीं, बल्कि अलवर के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी के सामूहिक संकल्प की अभिव्यक्ति है। मैं आपके विश्वास और आपके समर्पण के लिए कृतज्ञ हूँ।
मैंने आपको आने वाले सप्ताह के विकास के संकल्पों के बारे में तो बता दिया, अब आपको बीते सप्ताह की उपलब्धियों के बारे में भी बताना चाहता हूँ। विगत सप्ताह अलवर लोकसभा क्षेत्र में मिसिंग लिंक एवं नॉन-पैचेबल योजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण हेतु कुल ₹89.24 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
इस स्वीकृति के अंतर्गत अलवर शहर में ₹11.92 करोड़, अलवर ग्रामीण में ₹10.62 करोड़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में ₹9.91 करोड़, रामगढ़ में ₹11.98 करोड़, किशनगढ़बास में ₹9.85 करोड़, मुंडावर में ₹10.94 करोड़, तिजारा में ₹11.96 करोड़ और बहरोड़ में ₹12.06 करोड़ की रोड परियोजनाओं को पूरा किया जायेगा। इससे अलवर शहर में 14, अलवर ग्रामीण में 38, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में 20, रामगढ़ में 27, तिजारा में 28, किशनगढ़बास में 21, मुंडावर में 19 और बहरोड़ में 26 सड़कों का निर्माण कार्य होगा।
अलवर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (MIA) के लिए भी बीता सप्ताह बड़ी सौगात लेकर आया। मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए करीब ₹32 करोड़ की लागत से 10 किलोमीटर लंबा कवर ड्रेनेज सिस्टम, 15 किलोमीटर सीसी सड़क और 2.5 किलोमीटर डामर सड़क का निर्माण किया जाना तय हुआ है। इसके साथ ही बख्तल की चौकी से जैन इरिगेशन तक आरसीसी डिवाइडर तथा करीब 50 हजार वर्गगज क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाया जाना भी तय हुआ है।
इन विकास कार्यों से MIA में आधारभूत सुविधाएँ और बेहतर होंगी तथा उद्योगों तक कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के परिवहन में भी सुगमता आएगी। मेरा विश्वास है कि बेहतर सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था से मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, निवेश का वातावरण और मजबूत होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अलवर शहर को स्वच्छ, आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत अलवर शहर में 40 स्थानों पर कुल 110 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
इनमें 50 चार्जर 12 किलोवाट क्षमता वाले AC चार्जर तथा 60 चार्जर 120 किलोवाट क्षमता वाले फास्ट DC चार्जर होंगे। इस पूरी परियोजना पर लगभग ₹16.07 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।
मुझे यह बताते हुए भी प्रसन्नता है कि इस परियोजना के लिए राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा टेंडर जारी किए जा चुके हैं। यह पहल अलवर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए मजबूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में जब अलवर की सड़कों पर अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन दौड़ेंगे, तब यह चार्जिंग नेटवर्क शहर को एक अधिक स्वच्छ, आधुनिक और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, डेयरी और हरित परिवहन हर क्षेत्र में हो रहे ये कार्य केवल विकास परियोजनाएँ नहीं हैं, बल्कि हमारे अलवर के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव हैं। अलवर का भविष्य राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा है और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए विकास के साथ देशभक्ति की भावना भी उतनी ही आवश्यक है। इसलिए इस स्वतंत्रता दिवस पर आइए, हम सभी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ें, अपने घर पर तिरंगा फहराएँ और राष्ट्र के प्रति अपने गर्व एवं सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करें।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव