Read in English | Read in Hindi
GST में सुधार, मोदी जी का आभार!
बीता सप्ताह देश के लिए आर्थिक सुधार की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। 15 अगस्त को लाल किले से अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अगली पीढ़ी के सुधार जरूरी हैं, और 3 सितम्बर को GST दरों में बदलाव की घोषणा के साथ भारत ने इन सुधारों की दिशा में मज़बूत कदम बढ़ाए। आने वाली 22 तारीख, यानी नवरात्रि के पहले दिन, ये सुधार लागू हो जाएंगे। जैसा कि मोदी जी ने कहा GST सुधारों के जरिये भारत की जीवंत अर्थव्यवस्था में पांच नए रत्न जुड़ गए हैं। पहला कर प्रणाली कहीं अधिक सरल हुई। दूसरा भारत के नागरिकों की जीवन गुणवत्ता और बढ़ेगी। तीसरा, खपत और विकास दोनों को नया बूस्टर मिलेगा। चौथा, कारोबार सुगम होगा। साथ ही निवेश और नौकरी को बल मिलेगा। पांचवां, विकसित भारत के लिए संघीय संघवाद और मजबूत होगा।
GST सुधारों से तो अलवर लाभान्वित होगा ही पर कुछ और भी सौगाते अलवर के हिस्से में विगत सप्ताह आयीं।
टपूकड़ा में शहरी जल आपूर्ति प्रणालियों के संवर्धन के लिए सरकार ने अटल मिशन फॉर रीजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (AMRUT) 2.0 के अंतर्गत सात करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है।
आप में से कुछ लोगों को ज्ञात होगा कि बीते सप्ताह मैंने सोतानाला, केशवाना और बहरोड़ औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक प्रदूषण से सम्बंधित समस्याओं के निवारण के उद्देश्य से एक विशेष समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कारपोरेशन लिमिटेड, जिलाध्यक्ष, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आदि के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सोतानाला, केशवाना और बहरोड़ औद्योगिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं निकट के गाँव के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे। अपशिष्ट एवं जल प्रदूषण से सम्बंधित स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मैंने अधिकारियों को एक विस्तृत योजना तैयार करने के दिशा निर्देश दिए। हम अलवर को 5 या 10 साल के लिए नहीं बल्कि 2047 की ओर अग्रसर विकसित भारत के लिए तैयार कर रहे हैं। इस विज़न में उन्नत तकनीकों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट एवं उद्योगों के प्रदूषित जल को कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (Common Effluent Treatment Plant) आदि के माध्यम से उपचारित कर अधिकतम पुनः उपयोग में लाया जाना शामिल है।
रेल नेटवर्क से अलवर के लोगों को लाभ मिल सके इसके लिए शुक्रवार, यानी 5 सितम्बर, को मैंने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव जी के साथ दिल्ली में एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अलवर लोकसभा क्षेत्र के अलवर, खैरथल, राजगढ़, रामगढ़ व गोविंदगढ़ के सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने श्री अश्विनी वैष्णव का अलवर में नये आधुनिक रेलवे स्टेशन बनवाने, नई ट्रेन के ठहराव सुनिश्चित कराने जैसी अनेक सौगातें देने पर अभिनन्दन किया।
अलवर में रेल नेटवर्क का विकास निरंतर जारी है। इसके तहत 120 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से अलवर रेलवे स्टेशन का उन्नयन कार्य किया जाना तय हुआ है, 12.78 करोड़ रुपए के निवेश से खैरथल रेलवे स्टेशन का उन्नयन कार्य जारी है, साथ ही 13.19 करोड़ की लागत से राजगढ़ रेलवे स्टेशन का उन्नयन किया गया है। इसके साथ ही पांच स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव स्वीकृत करवाए गए हैं एवं आरओबी के निर्माण कार्यों में गति लाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार ने रेलवे के क्षेत्र में जिस तेजी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया है, उसका लाभ अब सीधे अलवर की जनता को मिल रहा है।
पिछले कुछ वर्षों में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़े कदम उठाए गए हैं। अलवर क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों को अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक यात्री सुविधाएँ, स्वच्छता व्यवस्था, अन्य आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में अलवर से आए जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर रेल मंत्री को सुदृढ़ विकास के लिए अपनी आवश्यकताएँ बताई जिस पर उन्होंने सभी विकास कार्यों को पूरा करने की सहमति जताई। अलवर, खैरथल, मालाखेड़ा, राजगढ़, करणपुरा, गोविंदगढ़ समेत सभी इलाकों को ट्रेन सुविधाओं से जोड़ने और मौजूदा सुविधाओं को और अधिक सुगम बनाने पर सहमति जतायी गयी।
5 सितम्बर को हमने अलवर संसदीय क्षेत्र में मिलकर शिक्षक दिवस भी मनाया।
मेरे प्रतिनिधियों ने सरकारी विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य और ई-लाइब्रेरी निर्माण में निष्ठाभाव से कार्य करने वाले प्रधानाचार्यों का शिक्षक दिवस के अवसर पर अभिनन्दन किया। मेरा मानना है शिक्षा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की प्रेरक शक्ति है। अलवर में मैंने ई-लाइब्रेरी की शुरुआत आधुनिक शिक्षा को नैतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से की है। मेरा उद्देश्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के आह्वान से अलवर के गाँव-गाँव का बच्चा जुड़े और देश ही नहीं बल्कि दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। इसलिए अलवर में शिक्षा से जुड़े व्यक्तियों का सम्मान मेरी ज़िम्मेदारी भी है और सौभाग्य भी।
मुझे आपको एक महत्वपूर्ण जानकारी भी देनी है।
21 सितम्बर को अलवर में एक दो किलोमीटर की 'मोदी मैराथन' का आयोजन होने जा रहा है। आपसे अनुरोध है इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लें और अलवर में खेल भावना को प्रोत्साहन दें।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव