‘एक पाती अलवर के नाम’ | 13.07.2026

13/07/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

हर सप्ताह की तरह आज फिर इस पाती के माध्यम से आपसे संवाद करने का अवसर मिला है। आपसे जुड़ना, आपके बीच चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा करना और अलवर की प्रगति की नई कहानियाँ आप तक पहुँचाना मेरे लिए किसी दायित्व से बढ़कर आत्मीयता का विषय है। पूरे सप्ताह जहाँ भी रहता हूँ, मन और विचार सदैव अलवर की उन्नति के साथ जुड़े रहते हैं।

खुशी तब होती है जब पता चलता है कि कोई योजना क्रियान्वयन तक पहुँच गई है, कोई परियोजना अब अलवर लोकसभा क्षेत्र के मेरे लोगों के लिए समर्पित हो गई है और उसका लाभ सीधे उनके जीवन को बेहतर बना रहा है।

कुछ समय पहले नगर पालिका टपूकड़ा में खुशखेड़ा रोड एवं आसपास की कॉलोनियों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए मैंने अपने सांसद निधि से ₹32 लाख की राशि स्वीकृत की थी। रिहायशी क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही इस उच्च वोल्टेज विद्युत लाइन के कारण कई लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी थी। ऐसे में इस समस्या का समाधान केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय था।

कल, यानी 12 जुलाई, जब मुझे तिजारा के टपूकड़ा आने का अवसर मिला, तो स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य के लिए मुझे एक आत्मीय आभार-पत्र भेंट किया। उनके स्नेह और विश्वास ने मुझे भावुक भी किया और जनसेवा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को और अधिक दृढ़ किया।

हम अलवर में बेहतर और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रहे हैं।

वैशाली नगर 33/11 केवी सब स्टेशन पर अतिरिक्त 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे इसकी कुल क्षमता 16 एमवीए से बढ़कर 21 एमवीए हो गई है। इसका लाभ अंबेडकर नगर, समोला, रूपबास, पालका, मदनपुरी और भगवानपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा। अब पीक लोड के समय ओवरलोड की समस्या कम होगी और लोगों को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली मिल सकेगी।

इसी प्रकार गोविंदगढ़ के नसवारी 33/11 केवी ग्रिड सब स्टेशन पर ट्रांसफार्मर की क्षमता 8.15 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए कर दी गई है। इससे क्षेत्र के पाँच ग्रामीण फीडरों पर बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारु होगी तथा 565 कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

मुझे विश्वास है कि विद्युत तंत्र के इस निरंतर सुदृढ़ीकरण से अलवर के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था और बेहतर होगी तथा आमजन, किसानों और उद्योगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

बहरोड़ और भिवाड़ी क्षेत्र के लिए भी विगत सप्ताह कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जो सुरक्षा और खेल सुविधाओं दोनों को नई मजबूती देंगे।

बीड़ा (BIDA) द्वारा बहरोड़ नगर परिषद एवं भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्रों में आगजनी एवं अन्य आपातकालीन घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए ₹3.74 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड वाहनों एवं अग्निशमन उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इससे दोनों क्षेत्रों में अग्निशमन सेवाएँ और अधिक सशक्त होंगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।

इसके साथ ही, बहरोड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में ₹3.64 करोड़ की लागत से एक अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम के निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्टेडियम में बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती जैसे खेलों की आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। इससे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिलेगा और उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिलेगी।

मुझे 12 जुलाई को भिवाड़ी बीड़ा स्टेडियम का दौरा करने का अवसर भी मिला। वहाँ विकसित की जा रही नई खेल सुविधाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। यह देखकर प्रसन्नता हुई कि सभी विकास कार्य संतोषजनक गति से आगे बढ़ रहे हैं। खेल अभ्यास के लिए आए प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद भी हुआ। उनके उत्साह, अनुशासन और आगे बढ़ने के संकल्प को देखकर विश्वास और मजबूत हुआ कि यदि युवाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएँ मिलें, तो वे निश्चित रूप से अलवर और देश का नाम रोशन करेंगे।

इसके पश्चात बाबा मोहन राम मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहाँ भी सभी कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया तथा गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ गौसेवा का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।

हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार और गौसेवा जैसे कार्य हमारी परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज को जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

जब सुरक्षा बढ़ती है, बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होती है, खेलों को नई सुविधाएँ मिलती हैं और जनहित के कार्य समय पर पूरे होते हैं, तब उसका लाभ सीधे हमारे परिवारों और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचता है।

अलवर यूँ ही सुरक्षित, समृद्ध, शिक्षित और विकसित बनता रहे। मेरा यही प्रयास है।

 

आपका अपना

 

भूपेंद्र यादव