Read in English | Read in Hindi
आप सभी जानते हैं अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत आयोजित समर कैंप का समापन विगत सप्ताह गुरूवार (11 जून) को हुआ। मैं इस समर कैंप की उपलब्धियों के बारे में आपको इस पाती के माध्यम से बताऊँगा, मगर पहले मैं आपको 11 जून को अपने द्वारा किये गए एक वादे के बारे में बताना चाहता हूँ।
अलवर लोकसभा क्षेत्र में क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से जुड़ी मेरी बहनें मुझे पिछले दो वर्षों में जब भी मिलीं अपने CLF को चलाने के लिए भवनों की मांग करती रहीं। मैं बहरोड़ में 11 जून को CLF की बहनों से मिला और उनकी इस मांग को पूरा करने की दिशा में एक कदम उठाया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से संसदीय क्षेत्र में 38 क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) भवनों के विकास हेतु प्रत्येक CLF के लिए ₹25 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इस महत्वपूर्ण पहल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मैंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) से प्रत्येक CLF के लिए अतिरिक्त ₹10 लाख की राशि भी स्वीकृत की है।
ये भवन केवल बैठकों के लिए स्थान नहीं होंगे, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आर्थिक उन्नति के केंद्र बनेंगे। यह कदम महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की नींव रखेगा। इनके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, उत्पाद प्रदर्शन, विपणन, वित्तीय गतिविधियों तथा सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी आधार मिलेगा। मुझे विश्वास है कि यह पहल हजारों बहनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी, उनकी आय और आत्मविश्वास दोनों को बढ़ाएगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। यह रक्षाबंधन का उपहार आत्मनिर्भर और सशक्त नारी शक्ति को समर्पित होगा।
मुझे ध्यान है की सिर्फ इस घोषणा को सुनकर उस दिन अलवर लोकसभा क्षेत्र की मेरी बहनों के चेहरे खुशी से चमक गए थे। अब मैं आपको इन भवनों में महिला आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय लिखते हुए देखने के लिए ललायित हूँ।
अलवर का सर्वांगीण विकास मेरा वादा है, मगर दो वर्गों के लिए काम करके मुझे हमेशा विशेष संतोष मिलता है। यह दो वर्ग नारी शक्ति और युवा शक्ति हैं। हमारा कैंप युवाओं के लिए भी जीवन बदलने वाला अनुभव रहा। करीब 500 से ज़्यादा लड़के और लड़कियों ने सात राज्यों से आये भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के 33 कोच से 14 खेलों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
ये आँकड़े अलवर के हौसलों की ऊँचाई का एक प्रतिबिंब मात्र हैं।
मुझे कैंप छोड़ते कई युवा खिलाड़ी साथियों ने कहा, 'सर, हमें फिर ऐसे कैंप में आने का मौका दीजिएगा।’ मैं उन्हें बस इतना कहूँगा, यह आपका अपना कैंप है, आप ज़रूर आयें, मगर मैं चाहता हूँ यहाँ से आगे आप अपने-अपने खेलों में भारत के नेशनल कैंप तक पहुँचें। आपकी सफलताएँ अलवर की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ और पूरे देश को आप पर गर्व करने का अवसर दें।
आपको यह जानकर बहुत खुशी होगी कि बीते सप्ताह राजकीय कन्या महाविद्यालय, तिजारा के निर्माण के लिए 13,000 वर्ग मीटर भूमि का निःशुल्क आवंटन कर दिया गया है।
यह महाविद्यालय क्षेत्र की बेटियों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलेगा और उन्हें अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे न केवल बालिकाओं के नामांकन और उच्च शिक्षा में भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान भी मिलेगी। शिक्षा के माध्यम से बेटियों का सशक्तिकरण होगा, उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी। यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, अवसर और आत्मनिर्भरता का एक सशक्त केंद्र बनकर क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा देगा। मैं इस उपलब्धि पर खैरथल-तिजारा की बच्चियों और उनके अभिभावकों को बधाई देता हूँ और आपके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी देता हूँ।
विगत सप्ताह राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं विनियोजन निगम लिमिटेड (RIICO) ने भी विकास कार्यों को गति देने के लिए ₹8 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जलापूर्ति व्यवस्था का संचालन एवं रखरखाव, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव तथा वर्षा जल निकासी नालियों की सफाई सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
बीते सप्ताह नगर पालिका टपूकड़ा क्षेत्र में खुशखेड़ा रोड एवं आसपास की कॉलोनियों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए ₹59 लाख की राशि स्वीकृत की है। इस कार्य से क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा आवागमन एवं विकास कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी।
इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और आवागमन तथा विकास कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी नगर पालिका टपूकड़ा क्षेत्र में खुशखेड़ा रोड एवं आसपास की कॉलोनियों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को शिफ्ट करने के लिए कुल ₹59 लाख की आवश्यकता थी। भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना से बचाव एवं क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मैंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) से इस महत्वपूर्ण कार्य हेतु ₹32 लाख की राशि स्वीकृत की है।
इस कार्य के पूर्ण होने से स्थानीय निवासियों की सुरक्षा में वृद्धि होगी तथा आवागमन, शहरी विकास एवं अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी।
महिला सशक्तिकरण हो, खेलों को बढ़ावा देना हो, शिक्षा के अवसरों का विस्तार हो, सड़क, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना हो अथवा आमजन के जीवन और सुरक्षा को सुनिश्चित करना हो, हम हर क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं। प्रत्येक बीतते सप्ताह के साथ विकास का यह संकल्प और अधिक मजबूत होकर धरातल पर उतर रहा है।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव