‘एक पाती अलवर के नाम’ | 08.06.2026

08/06/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

कभी-कभी अपनी उपलब्धियों से ज्यादा खुशी हमें अपनों की सफलताओं में मिलती है। ऐसी ही खुशी मुझे अलवर की बेटी सुमन यादव की सफलता में मिली है। सुमन की वैश्विक मंच पर उपलब्धि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। सुमन का वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त करना अलवर के हर प्रतिभावान आकांक्षी खिलाड़ी बच्चे, विशेषकर अलवर की खिलाड़ी बेटियों, के लिए प्रेरणादायी है। मैं सुमन को अलवर के साथ-साथ पूरे देश को गौरवान्वित करने पर बधाई देता हूँ। मुझे इस बात की विशेष रूप से खुशी है कि सुमन अलवर सांसद खेल उत्सव के कम्युनिटी गेम्स में प्रतिभागी रही हैं। उन्होंने सिद्ध किया है कि अलवर असीम संभावनाओं का गढ़ है।

बीते शनिवार, यानी 6 जून, को हमने खेलों के प्रोत्साहन के लिए लगातार चल रहे अपने प्रयासों के अंतर्गत बॉयज समर कैंप के बाद गर्ल्स समर कैंप का उद्घाटन समारोह बहरोड़ में आयोजित किया। इस कैंप को राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी ने अपनी उपस्थिति से गौरवान्वित किया। हमने इस अवसर पर नेशनल हॉकी में रजत पदक विजेता कोमल भारती और नेशनल बैडमिंटन में स्वर्ण पदक विजेता अनंत सोनी को भी सम्मानित किया ताकि कैंप में आयी हर बच्ची एक दिन अपनी प्रतिभा के बल पर मंच पर सम्मानित होने की प्रेरणा ले।

इस समारोह में हमने एक बड़ी घोषणा भी की। अलवर का पर्याय बन चुकी अलवर टाइगर मैराथन 2027 की तारीख अब तय हो चुकी है। यह मैराथन 7 फरवरी, 2027 को अलवर में एक नए रूट पर आयोजित की जाएगी। यह मैराथन पहले से ज्यादा बड़ी और भव्य होगी। टाइगर संरक्षण और अलवर में पर्यटन विकास को समर्पित यह मैराथन, अलवर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति का आयोजन है और आप सभी के सहयोग से ही इसकी सफलता सुनिश्चित की जा सकती है, इसलिए मेरा आप सभी से निवेदन है कि अपनी इस मैराथन को सफल बनाने के प्रयासों में जुट जाएं। खेलों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी हम अपने सार्थक प्रयासों को आगे ले जा रहे हैं। आप सभी जानते हैं मैंने अलवर लोकसभा में 108 डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का संकल्प लिया था। आप सभी के सहयोग और आशीर्वाद से हम अपने निर्धारित लक्ष्य से आगे निकल गए हैं। ई-गुरुकुल के अंतर्गत आज अलवर में लगभग 138 लाइब्रेरी चल रहीं हैं। इस संख्या के बढ़ने का एक अहम कारण यह रहा कि कई गांव के प्रतिनिधियों ने मुझसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ई-गुरुकुल स्थापित करने की माँग रखी। उनका मुझपर विश्वास मेरे लिए कार्य करने की ऊर्जा बना है। मैं भविष्य में भी यथासंभव लाइब्रेरी बनाने के लिए संकल्पित हूँ।

अलवर के किसी बच्चे को एक बेहतर भविष्य बनाने में संसाधनों के अभाव का सामना न करना पड़े, बस यही मेरी कोशिश है।

जहाँ एक ओर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में अलवर लोकसभा तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, नई सड़कों और बनी हुई सड़कों का नवीनीकरण कार्य भी तीव्रता से चल रहा है। बीते सप्ताह पूरे अलवर लोकसभा क्षेत्र में कई सड़क निर्माण कार्यों को हरी झण्डी दिखाई गयी। इन कार्यों में राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में ₹4 करोड़ की लागत से ग्राम परबैणी से रैणी झाकड़ा संपर्क सड़क, गढ़ी सवाईराम दानपुर कोडिया तक डामर सड़क का निर्माण कार्य और ₹2.44 करोड़ की लागत से पाडली से गुर्जर बास होते हुए परबैणी तक डामर सड़क निर्माण और ₹46 लाख की राशि से मिसिंग लिंक बिदरका श्मशान घाट से विदुर जी महाराज मंदिर तक सड़क सम्मिलित हैं।

इनमें मुण्डावर क्षेत्र में ₹80 लाख की लागत से अजरका से गोगा मंदिर होते हुए सिरोडकलां तक सड़क, ₹90 लाख की लागत से बेहरोज से हरिनाथ मंदिर वाया इमली की ढाणी सड़क, ₹70 लाख की लागत से मैनपुर से सुखदेव मंदिर की ओर सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

अलवर ग्रामीण में ₹1 करोड़ की लागत से अकबरपुर से कालीखोल सड़क नवीनीकरण कार्य, ₹12 लाख की लागत से केसरपुर वाया पृथ्वीराजपुर भाखरी राजगढ़ सड़क से जयसमंद बांध के नीचे से होते हुए पीएचईडी ऑफिस तक सड़क, किशनगढ़ बास में ₹60 लाख की लागत से लगड़बास से अमरसिंह के घर तक डामर सड़क भी सम्मिलित हैं।

मुझे आपको यह बताते हुए भी खुशी हो रही है कि ₹3 करोड़ की लागत से बनने वाली शाहजहांपुर व बडोद रोड पर सीसी/नाला निर्माण कार्य को भी स्वीकृति मिल गयी है और अब यह कार्य जल्द ही शुरू किया जा सकेगा।

जहाँ शिक्षा ज्ञान के कपाट खोलती है, सड़कें संपर्क और आवागमन को सशक्त बनाती हैं, वहीं खेल सुविधाएँ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। जब ये तीनों क्षेत्र एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो वे केवल आधारभूत सुविधाओं का विकास नहीं करते, बल्कि एक ऐसे सशक्त , आत्मनिर्भर और प्रगतिशील समाज की नींव रखते हैं जो विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करता है।

अलवर भी विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करे इसी कामना के साथ आज की पाती को यहीं विराम देता हूँ।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव