एक पाती अलवर के नाम | 01.09.2025

01/09/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

खेलो इंडिया - 'जो फिट है, वह हिट है'

खेल स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। भारत भी आज 'फिट है तो हिट है' की भावना को आत्मसात कर आगे बढ़ रहा है। भारत के महान हॉकी के खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के योगदान को सम्मानित करने के लिए 29 अगस्त को 'राष्ट्रीय खेल दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

इस वर्ष, 'खेल दिवस' के अवसर पर 'अलवर सांसद खेल उत्सव 2.O' के पंजीकरण का शुभारंभ केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री और युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख भाई मंडाविया जी ने प्रताप ऑडिटोरियम में किया। इस कार्यक्रम में मनसुख भाई अलवर में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए 10 करोड़ रूपए की लागत से हॉकी के लिए Astro Turf की घोषणा की। अलवर के खिलाड़ियों की यह एक लम्बी समय से मांग थी की वहाँ Astro Turf बने।

अलवर की जनता मनसुख भाई का खेल और खिलाड़ियों को खेल दिवस पर दिए गए उपहार के लिए ह्रदय से आभार व्यक्त करती है।

मैंने चुनाव के दौरान अलवर के खिलाड़ियों से विशेष रूप से एथलीटों से वादा किया था कि हम यहाँ सिंथेटिक ट्रैक भी बनाएंगे। अब, 8 करोड़ रुपये के टेंडर को स्वीकृति मिल चुकी है, और आने वाले 6 महीनों में यह कार्य पूर्ण होगा। अलवर हमेशा से खेलों की धरती रहा है। हमारे अलवर की बिटिया कंचन सैनी ने योगासन में पूरे देश में अलवर का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित योग प्रदर्शन से कंचन और उनकी टीम ने सभी का मन मोह लिया। मुझे आप पर गर्व है, कंचन। 'अलवर सांसद खेल उत्सव 2.O' में जिन खेलों को जोड़ा गया है उसमें योग भी है।

अलवर में बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए हमने SAI के बास्केटबॉल कोच को भी नियुक्त किया है। 29 अगस्त से ‘अलवर सांसद खेल उत्सव’ की शुरुआत हुई, जिसमें 11 खेलों — क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, रस्साकशी, बॉक्सिंग, योगा — को शामिल किया गया।

मेरा मानना है 29 अगस्त का दिन अलवर के लिए इसलिए सौभाग्यशाली रहा क्योंकि 29 अगस्त को ही अलवर के लोकदेवता और महान योगी बाबा भर्तृहरि नाथ जी पर आधारित लक्खी मेले का शुभारंभ हुआ। भारतीय संस्कृति और साहित्य में बाबा भर्तृहरि का महत्वपूर्ण योगदान है और मेरा सौभाग्य रहा कि उनकी रचनाओं नीति शतक, शृंगार शतक तथा वैराग्य शतक को गहराई से समझने एवं इस महान व्यक्तित्व को जानने का अवसर भी मिला।

बीते सप्ताह, मैंने राजस्थान सरकार के मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत जी के पूजनीय पिताजी श्री सूरज सिंह जी रावत के निधन पर शोक संवेदनाएँ व्यक्त की। जयपुर में राजस्थान के पूर्व मंत्री श्री हेम सिंह भड़ाना का अस्पताल जाकर कुशलक्षेम लिया। मैं भड़ाना जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। इसके साथ ही किशनगढ़ बास के करीरी बास निवासी स्वर्गीय IPS महिपाल यादव जी को उनके निवास पर श्रद्धांजलि दी।

जैसा की सभी को ज्ञात है, श्वेतांबर जैन समाज के पर्यूषण संपन्न हुए हैं, दिगंबर जैन समाज के पर्यूषण प्रारंभ हो गए हैं। पर्यूषण पर्व त्याग, तपस्या और दान के महापर्व हैं। इस अवसर पर मैं श्वेतांबर जैन समाज और दिगंबर जैन समाज दोनों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ।

विगत सप्ताह, दिल्ली में मुझे कुछ विशेष कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला।

मैं राज दरभंगा द्वारा आयोजित संगोष्ठी में सम्मिलित हुआ। दरभंगा नरेश महाराज कामेश्वर सिंह का भारत निर्माण में विशेष स्थान रहा है। मिथिला परंपरा में शक्ति पूजा का विशेष स्थान है। ज्ञान और ध्यान की भूमि मिथिला ने पूरे विश्व को अपने आध्यात्मिक ओज से प्रकाशित किया है। मिथिला ही वो स्थान है जहाँ से न्यायदर्शन की उत्पत्ति हुई। मिथिला का क्षेत्र तंत्र शास्त्र और शक्ति साधना की अद्भुत पुस्तकों का संग्रह है।

पिछले वर्ष ही मैंने राजनगर के मंदिरों में जाकर शक्ति परम्परा के सुन्दर स्थानों को देखा। यह संरचनाएं धर्म, इतिहास और अध्यात्म की धरोहर को आज भी संजोये हुए हैं।

मुझे 'भारत ग्लोबल इंडस्ट्रीज फोरम' और 'स्वदेशी जागरण मंच' द्वारा आयोजित 'मेकिंग भारत ए ग्लोबल इंडस्ट्रियल हब' पर सेमिनार में सहभागिता का अवसर भी मिला। तीन दिन पहले ही भारतीय अर्थव्यवस्था पर आये आंकड़े हमें गौरवान्वित करने वाले हैं। भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026 की बेहतरीन शुरुआत की है। देश की जीडपी ग्रोथ बढ़कर 7.8 फीसदी हो गई है।

पिछले पांच वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की गति धीमी हुई है। कुछ अर्थव्यवस्थाएं मंदी के दौर से भी गुजरी हैं, लेकिन फिर भी भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। भारत इस प्रतिस्पर्धा में कहीं ज्यादा तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव