Read in English | Read in Hindi
आशा करता हूँ आपकी होली रंगबिरंगी रही होगी। परिवार और दोस्तों के साथ आपने त्योहार का आनंद लिया होगा, मेरी यही मनोकामना है।
आज से संसद का बजट सत्र दोबारा शुरू हो रहा है। आज मेरे मंत्रालय, यानी पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय पर भी चर्चा होनी है। इसलिए जब आज पाती लिखने बैठा हूँ तो मुझे यह जानकारी साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हम अलवर लोकसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक नहीं बल्कि चार नए नगर वन बनाने जा रहे हैं।
ये नए नगर वन नीमराना, बझेड़ा, थानागाजी स्थित प्रतापगढ़ और बहरोड़ स्थित ज्ञानिनाथ मंदिर में बनाए जाएंगे। नगर वन योजना के अंतर्गत इन चार नगर वनों को विकसित करने के लिए ₹4.98 करोड़ का आवंटन किया गया है। इसमें नीमराना के लिए ₹1.4 करोड़, बझेड़ा के लिए ₹78.4 लाख, प्रतापगढ़ के लिए ₹1.4 करोड़ और ज्ञानिनाथ मंदिर के लिए भी ₹1.4 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
नगर वन वायु को शुद्ध करने, तापमान को संतुलित रखने और प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये शहरों में बढ़ती गर्मी और प्रदूषण की समस्या को कम करने में सहायक होते हैं। इन वनों में विभिन्न प्रकार के पौधे, पक्षी और छोटे जीवों के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध होता है। इससे शहरों में भी जैव विविधता सुरक्षित रहती है।
नगर वन वर्षा जल को धरती में समाहित करने में मदद करते हैं, जिससे भूजल स्तर में सुधार होता है। साथ ही ये जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में भी सहायक हैं। हरित वातावरण लोगों को स्वच्छ हवा, शांति और प्रकृति के बीच समय बिताने का अवसर देता है, जिससे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। नगर वन पर्यावरण शिक्षा, प्रकृति के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं। यहाँ बच्चे और युवा प्रकृति के बारे में सीख सकते हैं।
संक्षेप में कहूँ तो, नगर वन केवल पेड़ों का समूह नहीं बल्कि शहरों के लिए ‘हरी जीवनरेखा’ हैं, जो पर्यावरण, स्वास्थ्य और समाज तीनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
मैं आपके साथ एक और बड़ी परियोजना की जानकारी साझा करना चाहता हूँ। नीमराना में जो ESIC अस्पताल बनाने की घोषणा हुई थी, उस पर अब काम आगे बढ़ गया है।
RIICO ने इस अस्पताल के लिए लगभग ₹8 करोड़ की लागत पर 23,300 वर्ग मीटर भूमि ESIC को दे दी है। अस्पताल का काम अब जल्द शुरू किया जा सकेगा, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मुफ्त या बहुत ही कम लागत वाली स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित की जा सकेंगी।
एक स्वस्थ नागरिक ‘स्वस्थ भारत’ की आधारशिला है। देश की स्वास्थ्य सुविधाओं पर गरीब और मध्यम वर्ग का भी अधिकार है। हम लगातार विकसित भारत को स्वस्थ भारत बनाने की दिशा में भी प्रयास कर रहे हैं।
अलवर का हर नागरिक एक बेहतर जीवन पा सके, हम इसके लिए हर स्तर पर कार्य कर रहे हैं।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव