एक पाती अलवर के नाम | 25.08.2025

25/08/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आर्यभट्ट से गगनयान- प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाएं

23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर मुझे अलवर के केंद्रीय विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब का दौरा करने का अवसर मिला। इस दौरान अलवर शहर, ग्रामीण, रामगढ़ और राजगढ़ क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के प्राचार्यों से भी भेंट हुई, जहाँ हाल ही में ई-लाइब्रेरी की शुरुआत हमने की है।

इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया क्योंकि 23 अगस्त 2023 को भारत ने चंद्रमा पर कदम रखकर अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया आयाम छुआ। भारत को इस क्षेत्र में दुनिया का चौथा देश बनने का गौरव प्राप्त हुआ। यह सफलता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दूरदृष्टि और संकल्प का परिणाम है। आर्यभट्ट की खगोल शास्त्र की प्राचीन परंपरा से आगे बढ़ते हुए आज भारत गगनयान मिशन के माध्यम से नई ऊँचाइयों को छू रहा है। इस वर्ष कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सफल मिशन ने इस गौरवमयी यात्रा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है, जिसपर पूरे देश को गर्व हैं।

देश के युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर बनाने हेतु अटल टिंकरिंग लैब्स की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में मोदी सरकार का यह प्रयास हमारे बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगा।

शनिवार 23 अगस्त को मैंने अलवर ज़िले की लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका में 22.50 करोड़ रुपये की अमृत मिशन-2 पेयजल योजना का शिलान्यास किया। वहीं रविवार, 24 अगस्त को किशनगढ़बास क्षेत्र में 14 सड़कों का शिलान्यास और PWD विभाग की 3 नई सड़कों का शिलान्यास किया। भर्तृहरि ज़िले में 200 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्ताव विगत बजट वर्ष में स्वीकृत कराए गए हैं। ज़िले में पेय जल सुविधा में सुधार के लिए हम सतत् प्रयासरत हैं। जलस्तर बढ़ाने के लिए 18 नए एनिकट का निर्माण भी किया जा रहा है। किशनगढ़बास - खैरथल - कोटपुतली मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग (LC नंबर 93) हेतु 50 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल गयी है।

24 अगस्त को कोटपूतली-बहरोड़ ज़िले के माजरी कलां गाँव में CHC शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया, 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गाँव की चिकित्सा आवश्यकता को पूरा करेगा। बहरोड़ के कोहराना गाँव में महंत बाबा बालक नाथ के दादाजी स्व. फूल सिंह यादव जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट में Lawyer’s Voice द्वारा आयोजित “एक देश, एक चुनाव” कार्यक्रम में मेरी भागीदारी हुई एवं इस विषय पर सार्थक चर्चा हुई। लोकतंत्र में चुनाव जनता से जनादेश लेकर देश को आगे बढ़ाने का माध्यम है। चुनाव केवल साधन हैं, लक्ष्य सुशासन है। सुशासन की निरंतरता एवं सुगमता के लिए चुनाव का एक समय पर एक साथ होना आवश्यक है।

इस संसद सत्र में ऑनलाइन गेमिंग से युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को रोकने हेतु विधेयक पारित किया गया है। लेकिन दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी न तो इस मुद्दे पर और न ही खेल नीति अथवा समाज के महत्वपूर्ण विधेयकों पर कोई रचनात्मक चर्चा करती है। देश की प्रगति से कट चुकी कांग्रेस आज फेक नैरेटिव फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में जुटी हुई है। राहुल गांधी बार-बार महाराष्ट्र चुनाव के मुद्दे को उठाते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि महाराष्ट्र की जिन विधानसभा सीटों में वोटों की बढ़ोत्तरी हुई है, वहाँ कांग्रेस और उसके गठबंधन साथियों ने चुनाव जीता है।

हाल ही में संसद सत्र के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी दिल्ली आये और सभी सांसदों ने उनसे मुलाकात कर राजस्थान के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की। यह हमारे राज्य के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है।

आने वाली 29 तारीख को मैं अलवर में राष्ट्रीय खेल दिवस के समारोह में खेल एवं युवा मंत्री श्री मनसुख मांडविया जी और आप सभी के साथ उपस्थित रहूँगा। इस दिन अलवर सांसद खेल उत्सव के सम्बन्ध में कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी करूँगा।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव