‘एक पाती अलवर के नाम’ | 02.03.2026

02/03/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आज यह पाती पढ़ते हुए आप होली की तैयारियों में व्यस्त होंगे। होलिका दहन के साथ शुरू होने वाले इस त्यौहार का हमारे जीवन में विशेष महत्त्व है। होलिका का दहन सिर्फ लकड़ियों का जलना मात्र नहीं, यह मनुष्य के भीतर के अहंकार, अन्याय और अधर्म के अंत का प्रतीक है। होलिका दहन हमें सिखाता है कि जीवन की 'अग्नि-परीक्षाओं' में भी सत्य और आत्मविश्वास अंततः विजय सुनिश्चित करते हैं। वहीं धुलंडी या रंगवाली होली वह पर्व है जो हर वर्ष प्रेम, आपसी सौहार्द और खुशियों की फुहार लेकर आता है। ढोल, लोकगीत, पकवान और रंगों के साथ अलवर की होली अनूठी होती है।

सामान्य लोग अपने व्यक्तिगत जीवन में त्योहारों का आनंद ले सकें इसके लिए सरकार का दायित्व है कि विकास की गंगा निर्विरोध और धाराप्रवाह बहती रहे।

आपकी होली में विकास के रंगों को जोड़ना मेरा संकल्प रहा है। आज इस पाती के माध्यम से आपके साथ कुछ विकास कार्यों की जानकारी साझा कर मैं आपकी होली को और विविधरंगी बनाने का प्रयास कर रहा हूँ।

कुछ समय पूर्व मेरे संज्ञान में इस बात को लाया गया कि रामगढ़ नगर में NH-248A स्थित वर्तमान लेवल क्रॉसिंग-95 पर स्थानीय तथा आवागमन (थ्रू-ट्रैफिक) दोनों प्रकार के वाहनों का प्रतिदिन भारी दबाव रहता है, जिसके कारण गंभीर जाम की स्थिति बनी रहती है। बढ़ते ट्रैफिक जाम के चलते यात्रियों और माल परिवहन में अत्यधिक विलंब होता है, जिससे पूरी परिवहन दक्षता प्रभावित होती है। स्थानीय जनता तथा अधिकारियों ने इस समस्या के स्थायी हल के लिए एक ROB (रोड ओवर ब्रिज) की मांग की। मुझे आज आपको यह बताते हुए अत्यंत संतोष का अनुभव हो रहा है कि हम ₹101 करोड़ की लागत से ROB बनाने जा रहे हैं क्योंकि इस योजना को सरकारी स्वीकृति मिल गई है। इस योजना के लिए रामगढ़ की जनता को बधाई।

पिछले कुछ समय में हम सरस डेयरी के माध्यम से दुग्ध उद्योग से जुड़े किसानों के लिए नीति सुधार भी तेज़ी से कर रहे हैं। पिछले सप्ताह सरस डेयरी की दूसरी बोर्ड मीटिंग हुई और मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि इस मीटिंग में किसानों के हित में बड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

सरस मायरा योजना के अंतर्गत यह तय किया गया कि नियमित रूप से दूध देने वाले सक्रिय सदस्यों की दो पुत्रियों के विवाह पर ₹21,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। सचिव को गंभीर बीमारी होने की स्थिति में सहायता राशि ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹2 लाख कर दी गई है।

सचिव के निधन की स्थिति में पूर्व निर्धारित ₹1 लाख की सहायता राशि बढ़ाकर ₹5 लाख की गई। सचिव की दुर्घटना से निधन की स्थिति में ₹2 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख की सहायता राशि निर्धारित की गई। वहीं, सरस के प्रसार और बेहतर संचालन के लिए भिवाड़ी तथा बहरोड़-नीमराना क्षेत्र में नए सरस कार्यालय खोले जाने का भी निर्णय लिया गया है। NPDD योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से 50% अनुदान पर नई पंजीकृत 140 समितियों को ₹1 करोड़ 30 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, ऐसा निर्णय भी लिया गया है। इन फैसलों से अलवर डेयरी से जुड़े हमारे किसान भाइयों और बहनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे। होली से ठीक पहले लिए गए इन फैसलों से उनके जीवन में समृद्धि के रंग आएंगे।

इसके अतिरिक्त राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 के माध्यम से भी अलवर के चहुमुखी विकास को गति देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विगत सप्ताह मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी ने घोषणा की कि अलवर लोकसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए अतिरिक्त ₹50 करोड़ का आवंटन किया जायेगा।

राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के कार्य के लिए ₹10 करोड़ का आवंटन किया गया है। वहीं, बहरोड़-कुंड सड़क एस.एच.-111 से महतावास होते हुए चिताइंगरा सड़क की ओर (8 किमी) - कोटपूतली-बहरोड़ की सड़क के लिए ₹11 करोड़ रुपये दिए गए हैं। राजस्थान के प्रत्यक्ष प्रभार वाले मंदिरों के विकास कार्यों तथा अन्य सुविधाओं के लिए ₹100 करोड़ रुपये का आवंटन भी बजट में प्रस्तावित है। इस आवंटन से अलवर लोकसभा क्षेत्र में बाबा मोहन राम और बाबा भर्तृहरि मंदिरों को लाभ होगा। मैं इन सभी कल्याणकारी योजनाओं और इनमें अलवर को मिले विशेष स्थान के लिए आदरणीय मुख्यमंत्री का अभिनंदन करता हूँ।

विकास की यह अविरल गाथा अलवर में चलती रहे इसी मनोकामना के साथ आज की पाती को यहाँ पूर्णविराम दे रहा हूँ।

एक बार पुनः अलवर के सभी लोगों को होली की अनेकानेक रंगारंग बधाइयाँ।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव