Read in English | Read in Hindi
हर सप्ताह जब मैं पाती लिखने बैठता हूँ और सप्ताहभर में अलवर लोकसभा क्षेत्र में विकास के लिए किए गए प्रयासों का लेखा-जोखा बनाता हूँ, तो मन को बड़ा संतोष प्राप्त होता है। हम हर सप्ताह विकास के लिए नकद आवंटन भी कर रहे हैं और पॉलिसी रिफॉर्म्स भी।
समाज के हर वर्ग, चाहे वह महिला हो, किसान हो, युवा हो या कोई गरीब हम सभी को सामर्थ्यवान बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
कुछ ही दिन पहले दुग्ध व्यापार से जुड़े कुछ किसान भाइयों ने मेरा ध्यान अलवर में दूध की खरीद दर के अन्य जिलों से कम होने के विषय की ओर आकर्षित किया। मुझे बहुत खुशी है कि सभी पक्षों से बात करके हमने कल मुण्डावर में आयोजित एक जनसभा में किसानों की माँग को ध्यान में रखते हुए सरस डेयरी की खरीद दर को ₹78 से ₹5 बढ़ाकर ₹83 कर दिया है। डेयरी से जुड़े सभी किसान भाइयों को बधाई।
कल अकेले मुण्डावर विधानसभा क्षेत्र में मैंने ₹174 करोड़ रुपये की लागत से 612 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
पंचायत समिति मुण्डावर में 451 कार्यों पर ₹22.64 करोड़ रुपये तथा पंचायत समिति नीमराना में 26 कार्यों पर लगभग ₹13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं नगरपालिका मुण्डावर के 20 कार्यों के लिए ₹7.97 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग मुण्डावर के 63 कार्यों पर ₹57.81 करोड़ रुपये तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग नीमराना के 14 कार्यों पर ₹68.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कल मुण्डावर में सागर जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास करके विशेष खुशी मिली।
बावड़ी रोड स्थित सागर जलाशय के जीर्णोद्धार से हम इस प्रयास से लगभग 7.5 लाख लीटर वर्षा जल का स्थायी संग्रहण संभव होगा, जिससे क्षेत्र का भूजल स्तर बढ़ेगा और मुण्डावर सहित आसपास के क्षेत्रों में जल संकट से राहत मिलेगी।
इन विकास कार्यों के क्रियान्वित होने पर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, आधारभूत ढांचा एवं नागरिक सुविधाओं में सकारात्मक बदलाव आएगा, जिससे नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
मैं आज इस पाती के माध्यम से आपका ध्यान राजस्थान बजट 2026-27 की कुछ महत्वपूर्ण घोषणाओं की ओर आकर्षित करना चाहूँगा, जिससे अलवर लोकसभा क्षेत्र का बहुआयामी विकास हो सकेगा। बजट में ₹1,012 करोड़ की लागत से नीमराना में कृत्रिम जलाशय एवं फीडर के निर्माण की घोषणा की गई है, जिससे इस क्षेत्र की औद्योगिक जल एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
नीमराना राजस्थान के प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्रों में अग्रणी क्षेत्र है, जहाँ बड़ी संख्या में देशी और विदेशी कंपनियाँ उद्योग और रोज़गार को प्रोत्साहन दे रही हैं। लंबे समय से चले आ रहे जल संकट के स्थायी समाधान के लिए यहाँ एक विश्वसनीय जल स्रोत की आवश्यकता रही है। बजट में प्रस्तावित कृत्रिम जलाशय तथा फीडर के निर्माण से न केवल उद्योगों के लिए सतत जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि निकटवर्ती क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि अलवर जिला चिकित्सालय की बेड क्षमता अब बढ़कर 750 हो जाएगी, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था को मज़बूती मिलेगी। लेकिन स्वस्थ जीवन के लिए हमें निवारक देखभाल (preventive care) पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। इसका मतलब है—रोग के इलाज़ से बेहतर रोग से बचना है। रोग से बचने के लिए शरीर का स्वस्थ होना आवश्यक है। यही कारण है कि हम अलवर में खेलों को इतना प्रोत्साहन दे रहे हैं।
8 फरवरी को आयोजित 'अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन' इसी दिशा में एक प्रयास था। इस आयोजन को सफल बनाने में जिन लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया, कल मुझे उनका धन्यवाद करने का एक छोटा सा अवसर मिला। शाम को दिल्ली में अलवर के जिला प्रशासन, शारीरिक प्रशिक्षकों, होटल एसोसिएशंस, संयोजक टीम और पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका अभिवादन किया।
भपंग की अद्वितीय सुरलहरियों से सजी यह संध्या सचमुच अविस्मरणीय बन गई। भपंग वादक श्री गफ्फरुद्दीन मेवाती जी की संगीतमय प्रस्तुति ने वातावरण में मधुरता घोल दी। उनके सुरों की गूंज ने इस शाम को आत्मीयता और परंपरा से गुंजायमान कर दिया।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव