एक पाती अलवर के नाम | 09.02.2026

09/02/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आज इस पाती को एक स्वीकारोक्ति से शुरू करना चाहता हूँ। करीब 1.5 वर्ष पहले जब आपने मुझे अपना सांसद चुना और मैंने अलवर में खेलों को बढ़ावा देने का निश्चय करते हुए एक मैराथन आयोजन का संकल्प लिया, मुझे लगा धीरे-धीरे इस मैराथन की लोकप्रियता बढ़ेगी, लेकिन कल जो मंजर प्रताप ऑडिटोरियम पर बना, उसने मुझे बहुत भावुक कर दिया। अलवर ने निष्ठा और एक सकारात्मक प्रयास को सफल बनाने के लिए जिस संकल्पशक्ति के साथ काम किया, उसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूँ।

हमने इस आयोजन की शुरुआत सिटी पैलेस से 7 जनवरी को ब्रांड एम्बेसडर की घोषणा से की। मूसी महारानी की छतरी पर 6 फरवरी को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से हमने दुनिया के विभिन्न देशों से आए धावकों का अलवर और देश से परिचय कराया। सिलीसेढ़ झील पर हमने 7 फरवरी को वार्षिक 'बर्ड फेस्टिवल' की घोषणा की। इन स्थानों का चयन कोई संयोग नहीं रहा। यह अलवर की धरोहर को दुनिया के सामने लाने का एक प्रयास है। अलवर में टूरिज्म सिर्फ टाइगर के लिए नहीं, बल्कि किलों, झीलों और प्रकृति के लिए भी विस्तृत हो, यही हमारा प्रयास है।

अलवर में एक साथ लगभग 18,000 लोगों का दौड़ना एक उद्घोष था असीमित संभावनाओं का गढ़, अलवर अतुल्य है। मैं अलवर की इस सफलता से अभिभूत हूँ। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी और उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी जी ने अपनी उपस्थिति से इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई। अलवर के इस प्रयास को अपना बहुमूल्य समय देने के लिए मैं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का हृदयतल से धन्यवाद देता हूँ।

इस मैराथन की पूरी आयोजक टीम, इंडस्ट्री एसोसिएशन्स, होटल एसोसिएशन्स, अलवर प्रशासन, खैरथल एवं भिवाड़ी पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय सेना, अलवर नगर निगम, शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक, इस दौड़ का हिस्सा बने सभी धावकों, मीडिया के सभी मित्रों और अलवर के सभी लोगों को बधाई देता हूँ। हम अगले वर्ष इस आयोजन को और भव्य बनाने के लिए पूरी इच्छाशक्ति से कार्य करेंगे। हमारे लिए रुकना विकल्प नहीं है, क्योंकि हमारा सपना मंज़िल से बड़ा है।

मैं हमेशा कहता हूँ कि अलवर के लिए मेरा विजन किसी एक क्षेत्र पर केंद्रित नहीं है। यह चहुमुखी और निरंतर विकास का वादा है। इसलिए अलवर में खेलों के साथ-साथ बाकी दिशाओं में भी हो रहे कार्यों के बारे में बताना इस पाती का उद्देश्य है।

मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अलवर-जयपुर रोड से अलवर-सिलीसेढ़ तक की गरवाजी सड़क के निर्माण के लिए ₹1.37 करोड़ की राशि का वर्क ऑर्डर स्वीकृत हो गया है और जल्द ही इस रोड पर कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

एक लंबे समय से चली आ रही मांग रामगढ़ में मिनी सचिवालय को लेकर थी। कल रामगढ़ में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी द्वारा की गई मिनी सचिवालय की घोषणा के लिए मैं रामगढ़ के सभी लोगों को बधाई देता हूँ। इस मिनी सचिवालय के बनने से शासकीय कार्यों में तेजी आएगी, नीति निर्धारण में मदद मिलेगी और सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। कुल मिलाकर, रामगढ़ के विकास को गति मिलेगी।

कल का दिन अलवर लोकसभा क्षेत्र के लिए बहुत शुभ रहा। भाजपा की सरकार इस बात के लिए जानी जाती है कि इस सरकार में जिस योजना का शिलान्यास होता है, उसका लोकार्पण भी होता है। कल जहां अलवर में ₹91 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास हुआ, वहीं ₹62 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण भी हुआ।

इन परियोजनाओं से गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला हर वर्ग को लाभ मिलेगा। ये कार्य विकसित भारत में विकसित अलवर का प्रबल स्थान सुनिश्चित करेंगे।

हर आयोजन या हर दिन की एक बात सीख बन जाती है। मेरे लिए यह सीख कल करीब 200 दिव्यांगजनों का पैरा मैराथन में दौड़ना था। आपने देश के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। आपने अपने प्रयास से यह बता दिया है कि कुछ किए बिना जय-जयकार नहीं होती, हिम्मत करने वालों की कभी हार नहीं होती।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव