‘एक पाती अलवर के नाम’ | 02.02.2026

02/02/2026

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आज सुबह पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री हेम सिंह भड़ाना के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। करीब पांच महीने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के बाद, श्री भड़ाना अब हमारे बीच नहीं रहे। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

अनेक व्यस्तताओं के बीच भी आपको पाती लिखना मेरे लिए एक सुखद अनुभव है। हर सप्ताह आपके साथ अलवर से जुड़ी छोटी-बड़ी उपलब्धियों को साझा करना एक ऐसा कार्य है जिसकी मैं राह देखता हूँ, क्योंकि यह पाती मेरे लिए अपनों से अपनी बातें कहने का एक माध्यम है।

कल वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा भारत सरकार का बजट 2026-27 संसद में प्रस्तुत किया गया। गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमी के सशक्तिकरण की दिशा दिखाता हुआ यह बजट हर नागरिक के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखता है। भारत के बजट का हर कल्याणकारी पक्ष अलवर के लोगों के लिए भी लाभकारी है, पर दो बिंदुओं पर मैं आपका विशेष ध्यान आकर्षित करना चाहता हूँ।

बजट में प्रकृति-आधारित पर्यटन पर विशेष जोर दिया गया है। सरिस्का संजोए अलवर को भी इससे विशेष लाभमिलेगा।

दूसरी बड़ी बात है SHE मार्ट्स की स्थापना। लखपति दीदी योजना के अगले चरण में भारत सरकार SHE मार्ट्स पर बल देने को तैयार है। SHE मार्ट्स ग्रामीण महिलाओं को ऋण-आधारित आजीविका से आगे बढ़कर सतत उद्यमों का मालिक बनने में मदद करेंगे। समुदाय के स्वामित्व वाले सेल्फ हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट्स महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराएंगे, साथ ही ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए बेहतर और नवाचारी वित्तीय सहायता भी प्रदान करेंगे। इस योजना को अलवर की जमीन पर उतारने के लिए मैं संकल्पित हूँ।

आपको यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्न हूँ कि ₹3.25 करोड़ की लागत से हम मुंडावर के शाहजहांपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेलों और खिलाड़ियों के लिए अनेक सौगातें लाने को तैयार हैं। इस लागत से हम विद्यालय में एक स्टेडियम जिसमें हॉकी मैदान, बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, इंडोर गेम्स हॉल, रनिंग ट्रैक तथा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

मैं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को इस बात की बधाई देता हूँ कि जल्द ही उन्हें अपने स्कूल परिसर में अपनी खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलेगा।

आप सभी को अपना स्कूल याद होगा। हमारे स्कूल की बिल्डिंग, क्लासरूम, कॉरिडोर और ग्राउंड की यादें अक्सर पुरानी और प्यारी होती हैं। वह यादें सिर्फ ईंट-पत्थर नहीं, बल्कि हंसी-मजाक, पढ़ाई और दोस्ती के सुनहरे दिनों की गवाह होती हैं। स्कूल के कुछ खास कोने और ग्राउंड उन यादों के स्तम्भ होते हैं। मेरा मानना है अच्छी शिक्षा के लिए स्कूल में अच्छी आधारभूत संरचना का होना अनिवार्य है। यह हमारे बच्चों का मौलिक अधिकार है। इसलिए जहाँ मैं मुंडावर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्टेडियम आदि सुविधाओं के लिए काम कर रहा हूँ, वहीं बहरोड़ में बनने जा रहे केंद्रीय विद्यालय के लिए जिस अस्थायी बिल्डिंग की मांग थी उसके लिए भी मैंने अपने सांसद कोष से ₹25 लाख रूपए दिए हैं। जखराना के शहीद हरिपाल राजकीय एवं माध्यमिक विद्यालय में ₹25 लाख की लागत से स्कूल भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, चारदीवारी निर्माण और अन्य कार्य शुरू कर दिए गए हैं जिससे केंद्रीय विद्यालय का नया सत्र अप्रैल से शुरू किया जा सके।

विकास के नए आयाम गढ़ता अलवर इस सप्ताह साल के सबसे बड़े आयोजन के लिए कमर कस चुका है। अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन के आयोजन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। हमारा अलवर 8 फरवरी को देश ही नहीं दुनिया, खेल और खिलाड़ी ही नहीं पर्यावरणविद, धावक ही नहीं पर्यटन उत्साही, और फिटनेस प्रेमी ही नहीं टाइगर प्रेमी, सभी की रुचि का केंद्र होगा।

आपसे अनुरोध है, इस ऐतिहासिक पल में आप सभी धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए जुड़ें।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव