Read in English | Read in Hindi
आज यह पाती जब आपको लिख रहा हूँ, मैं गर्व से भरा हुआ हूँ। आज भारत का 77 वां गणतंत्र दिवस है। दशकों से देश की राजधानी दिल्ली में भारत के इस उत्सव को परेड के माध्यम से मनाया जाता है। यह परेड मजबूत गणतंत्र के इतिहास, वर्तमान की ऐतिहासिक प्रगति और भविष्य के रोडमैप की प्रेरणादायी प्रस्तुति होती है। वायु, जल तथा थल सेना के पराक्रम, बंगाल से लेकर गुजरात, कश्मीर से लेकर केरल तक की झाँकियों, संपूर्ण देश की विविध कला-संस्कृति को अपने भीतर संजोए इस उत्सव का साक्षी बनने के सौभाग्य से आज अभिभूत हूँ।
अलवर के लिए यह गणतंत्र दिवस विशेष है। 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों में इस बार भर्पग वादक अलवर के श्री गफरुद्दीन मेवाती जोगी जी का चयन होना हम सभी के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। पद्म श्री से सम्मानित श्री गफरुद्दीन जी भगवान शिव के डमरू से प्रेरित भपंग के माध्यम से महाभारतकालीन कथाओं, भर्तृहरि शतक और वैराग्य से जुड़े दोहों का गायन करते रहे हैं। वे मेवाती भाषा में महाभारत गायन 'पांडुन का कड़ा' के इकलौते जीवित गायक माने जाते हैं। पूरा अलवर श्री गफरुद्दीन जी का अभिनंदन करता है।
कल (रविवार, 25 जनवरी) के इस महत्वपूर्ण दिन पर में अलवर में ही था और दिन की शुरुआत साइकिल रैली से कर मौसम और आपके साथ का आनंद लिया। प्रताप ऑडिटोरियम से ढाई पैड़ी और फिर वापस प्रताप ऑडिटोरियम तक इस रैली के माध्यम से हमने आगामी 8 फरवरी को होने वाली अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर हाफ मैराथन को सफल बनाने के उद्देश्य से 10 किलोमीटर का रास्ता तय किया।
मुझे यह देखकर बहुत संतोष होता है कि आपने इतने कम समय में टाइगर संरक्षण, टूरिज्म के प्रोत्साहन और फिट इंडिया को बढ़ावा देने के लिए मेरी इस पहल को अपना बना लिया है। अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन के सफल आयोजन के लिए आप सभी जिस उत्साह और संकल्प शक्ति से काम कर रहे हैं, मैं उसके लिए आपका आभारी हूँ।
देश और दुनियाभर से आ रही मांग पर हमने पंजीकरण की तिथि तीन दिन बढ़ा दी है। आप अब 28 जनवरी तक 96676-84422 पर मिस्ड कॉल करके या www.alwartigermarathon.com पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
जहाँ हमने साइकिल से दिन की शुरुआत की, वहीं विकास कार्यों के अपने संकल्प को भी आगे बढ़ाया। कल अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र में मैंने राजस्थान सरकार में मंत्री श्री संजय शमां जी के साथ करीब ₹24.5 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिला न्यास किया। जहाँ एक ओर नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के ₹16.87 करोड़ रुपये की लागत राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ, वहीं 27.6 करोड़ की राशि से कराए जाने वाले कार्यों का शिलान्यास किया गया।
कल हुए शिलान्यास कार्यों में ₹1.5 करोड़ की लागत से राजकीय सामान्य चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय एवं शिशु चिकित्सालय में आंतरिक सड़क निर्माण कार्य, ₹1.5 करोड़ की लागत से काला कुआँ एवं विवेकानंद नगर की आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य, लगभग 21 करोड़ की लागत से मोती डूंगरी सर्किल से भवानी तोप तक सड़क का कार्य शामिल है।
जिन योजनाओं का कल लोकार्पण हुआ उनमें NCAP के अंतर्गत तुलेड़ा वाइपास रोड से ट्रांसपोर्ट नगर गंगा टावर की ओर डामरीकरण कार्य, मालवीय नगर टी-पॉइंट से रूपवास तक मुख्य सड़क निर्माण जैसे अनेक कार्य शामिल हैं।
आज जब हम गणतंत्र दिवस मना रहे हैं, भारत के संबैधानिक मूल्यों को और सशक्त बनाते हुए 'विकसित भारत' बनाने का संकल्प और भी पक्का हो रहा है। अलवर में लगातार चल रहे विकास कार्य, सांस्कृतिक धरोहरों के नवीकरण कार्य, पर्यटन को मिलती प्राथमिकता, टाइगर का बढ़ता संरक्षण, खेलों को मिलता विशेष बल, शिक्षा का डिजिटलीकरण, यह सभी भारत के गणतंत्र को अधिक सशक्त बनाने के प्रयास हैं।
आप सभी को देश के गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएँ।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव