Read in English | Read in Hindi
बीते एक वर्ष में जब भी में अलवर आता हूँ, मुझे अनेकों युवा साथी मिलते हैं जो इस संसदीय क्षेत्र में खेलों को दिए जा रहे प्रोत्साहन से अपने जीवन में आ रहे सकारात्मक प्रभावों को मुझसे साझा करते हैं। मेरे ये युवा साथी खेल संस्कृति को और ऊर्जा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा करते हैं। मुस्कुराते हुए वे अपने स्कूलों और मोहल्लों में खेलों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए अपनी माँगें भी मुझसे साझा करते हैं।
बच्चों को खेलता देख अब तो कई अभिभावक भी अपने लिए खेलों के आयोजन की माँग मुझसे करते हैं। ये माँगें मुझे बताती हैं कि अलवर खेलों के साथ खिल रहा है और देश ही नहीं बल्कि दुनिया पर अपनी प्रतिभाओं की छाप छोड़ने को आतुर है।
अगर आप में प्रतिभा और उस प्रतिभा को प्रदर्शित करने की ज़िद हो, तो आपके सांसद होने के नाते आपको उचित मंच देना मेरा कर्तव्य है। यही कारण है कि हम 8 फरवरी को अलवर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक खेल आयोजन करने जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन अलवर का साझा प्रयास है, टाइगर को बचाने का, पर्यटन को बढ़ाने का और फिट रहने का।
आने वाले रविवार (जनवरी 25) को अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन के पंजीकरण बंद हो जाएंगे। आप बिना देर किए स्वयं भी पंजीकरण कराएँ और अपनों को भी इस अनोखी पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
आप जानते हैं कि अलवर के लिए हमारे प्रयास किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। हम हर मानक पर अलवर को विकसित कर 'अतुल्य अलवर बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। बीते सप्ताह मैंने खैरथल तिजारा में ₹276.67 करोड़ की लागत से पूरी होने वाली कुल 17 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
इन परियोजनाओं में किशनगढ़बास, बानसूर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने तथा खैरथल क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण जाम की समस्या से निजात के लिए 27 करोड़ की लागत से किशनगढ़-खैरथल-वानसूर-कोटपूतली सड़क MDR-25 पर बाईपास निर्माण शामिल है। हम ₹30 करोड़ की लागत से MDR-198 विजय मंदिर-पडीसल-घाटला खैरथल हरसौली-अजरका सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य भी कर रहे हैं। खैरथल से शेखपुर (तिजारा) वाया बघेरी कलां, माछरोली, वीवीरानी जोड़िया सड़क चौड़ीकरण एवं सुद्दीकरण कार्य ₹61.5 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
क्षेत्र में जलापूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए हम ₹47.57 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड के अंतर्गत पुनर्गठित खैरथल शहरी जल योजना के पेयजल संबंधी निर्माण कार्य भी पूरे कर रहे हैं। इस कार्य के पूरा होने से सम्पूर्ण नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुगम होगी तथा प्रत्येक घर में साल भर नियमित पेयजल आपूर्ति की जा सकेगी।
हम नगर परिषद खैरथल क्षेत्र में लगभग ₹5 करोड़ की लागत से एसटीपी (Sewage Treatment Plant) का निर्माण भी कर रहे हैं। हमारे नगर सुंदर और साफ हों, इसके लिए हम ₹19.39 करोड़ की लागत से नगर परिषद खैरथल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
नगर परिषद क्षेत्र में यह कार्य होने से वहाँ के निवासियों को पक्की एवं साफ गलियाँ मिलेंगी। हमारे वातावरण की सफाई सिर्फ सौंदर्याकरण का विषय नहीं होता, यह स्वास्थ्य का भी विषय है।
इन कार्यों की सूची लेबी है। मुझे गर्व है कि यह सिर्फ वादों की सूची नहीं है, बल्कि पूरी होती योजनाओं की तस्वीर है। लेकिन इन कार्यों में सिर्फ सरकार और प्रशासन के करोड़ों खर्च करने से बदलाव नहीं आता, बदलाव तब आता है जब जनता इन प्रयासों में खुद की सहभागिता तय करती है। आप सभी अलवर के विकास में खुद परिवर्तनकर्ता है।
सड़क की सफाई हो या खेल का मैदान, आपके सहयोग और सहभागिता के विना अलवर को बदलना संभव ही नहीं।
मुझे आपसे सहयोग और सहभागिता दोनों मिल रहे हैं, इसलिए हम हर सप्ताह अलवर में नए-नए बदलाव ला पा रहे है।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव