‘एक पाती अलवर के नाम’ | 29.12.2025

29/12/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

मुझे यह समाचार आपके साथ साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि बीते सप्ताह हमने सरस डेयरी से जुड़े किसान बहनों-भाइयों के खातों में 7.99 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए हैं। यह राशि मुख्यमंत्री सम्बल योजना के अंतर्गत डेयरी सेक्टर से जुड़े किसानों और पशुपालकों के खातों में पहुँची है।

हम आगे भी सरस डेयरी से जुड़े सभी ग्रामीण बहनों और भाइयों की आय वृद्धि के लिए संकल्पशक्ति के साथ कार्य करते रहेंगे, क्योंकि आपके ही प्रयासों से सरस डेयरी ने इतिहास रचा है। एक ही दिन (20 दिसंबर) में 3,65,898 लीटर दूध का संकलन एक उल्लेखनीय कीर्तिमान है। यह सरस अलवर के इतिहास में अभूतपूर्व उपलब्धि है। ऐसे कीर्तिमान तभी बनते हैं जब लोग एकजुट होकर व्यवस्थाओं पर भरोसा करते हैं।

इस भरोसे और इस कीर्तिमान के लिए आपका हृदयतल से धन्यवाद।

अलवर हर क्षेत्र में कीर्तिमान गढ़ रहा है।

जहाँ हम किसानों और पशुपालकों की आय वृद्धि के लिए काम कर रहे हैं, वहीं हम स्वच्छता के वादों को भी ज़मीन पर उतार रहे हैं।

बीते सप्ताह राजस्थान के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा नवंबर माह की प्रदेश स्तरीय स्वच्छता रैंकिंग जारी की गई, जिसमें अलवर ने 48.29 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश के प्रमुख शहरों को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग कचरा निस्तारण, प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई, लीगेसी वेस्ट निस्तारण, प्राप्त शिकायतों का समाधान तथा कचरा प्वाइंट हटाने जैसे मानकों के आधार पर की गई है।

हम सार्थक प्रयासों के माध्यम से युवाओं के लिए संभावनाओं के द्वार भी खोल रहे हैं।

अलवर लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में आप सभी ने बड़े जोश के साथ अलवर सांसद खेल उत्सव के बैनर तले आयोजित कम्युनिटी गेम्स के क्रिकेट मैचों में भाग लिया। आठों विधानसभाओं के स्तर पर अब टीमें चयनित हो चुकी हैं और आगे जाकर ये टीमें अलवर लोकसभा स्तर पर विजेता बनने के मुकाबलों में सम्मिलित होंगी।

दूसरी ओर कम्युनिटी रस्साकशी, कम्युनिटी कबड्डी, कम्युनिटी बैडमिंटन और कम्युनिटी योग की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। रस्साकशी, कम्युनिटी कबड्डी और योग के लिए पंजीकरण 12 जनवरी तक किए जा सकते हैं, वहीं बैडमिंटन के पंजीकरण 5 जनवरी को समाप्त होंगे। आप सभी से मेरा निवेदन है कि यदि आप इन खेलों में भाग लेने के इच्छुक हैं तो अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें।

मैंने पहले भी कहा है कि मैं अलवर में खेल संस्कृति को संजोना चाहता हूँ। इसलिए इन आयोजनों से परे, मैं अलवर की खेल प्रतिभाओं को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा हूँ।

आज आपको यह बताते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है कि अलवर के पीएम श्री नवीन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सिंथेटिक हॉकी टर्फ बनाने के लिए ₹8 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही इस योजना पर कार्य शुरू हो सकेगा। इस सिंथेटिक टर्फ के माध्यम से हम खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए हॉकी को जमीनी स्तर पर प्रोत्साहित करना चाहते हैं। मेरा प्रयास है कि अलवर के होनहार खिलाड़ियों को आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएँ मिलें, जिससे वे अलवर और भारत दोनों का नाम रोशन कर सकें।

मुझे अहसास है कि बड़ी उपलब्धियाँ बड़ी उम्मीदें भी जगाती हैं, क्योंकि जहाँ काम नहीं होते वहाँ निराशा जन्म लेती है, और जब काम होते हैं तभी ‘और बेहतर’ की आशा पैदा होती है। अलवर को ‘और बेहतर’ बनाने की आप सभी की जो आशा है, वही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है।

आने वाले नए वर्ष में अलवर विकास के हर मानक पर और बेहतर करेगा, यह मेरा प्रयास भी है और वादा भी।

 

आपका अपना

 

भूपेंद्र यादव