‘एक पाती अलवर के नाम’ | 8.12.2025

08/12/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

शनिवार (6 दिसंबर) संसद के अवकाश पर आप सभी के बीच किशनगढ़बास खैरथल-तिजारा रहने का अवसर मिला। मुझे आपको यह बताते हुए प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है कि एक ही दिन में हमने ₹130 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें भारत और राजस्थान सरकार की विभिन्न परियोजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ का वितरण भी शामिल है।

मुझे खुशी है शनिवार को हमने पंडित दीनदयाल उपाध्याय बस स्टैंड का शुभारंभ भी किया जो ₹4 करोड़ की लागत से बनाया गया है। मैंने शनिवार को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के प्रथम चरण के अंतर्गत 11 पूर्ण जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया तथा 39 जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। क्षेत्र की जलापूर्ति के लिए यह दोनों परियोजनाएं लगभग ₹1.5 करोड़ की लागत से पूरी की जाएंगी।

इसी के साथ ₹77 करोड़ की लागत से किशनगढ़बास कस्बे के साथ 21 गांवों जिनमें निम्बहेडा, बम्बोरा, चीतघाना, दादरहेडा, खेडला, ईच्छाका, झिरण्डिया, टेहटडा, जाटका, बसई कलां मीरका, नांगल मोजिया, मूसाखेडा, छतरपुर, रायपुर मेवान, कुलताजपुर, नूरनगर, देवता, नंगला डूंगर कांकरा एवं बाघोर शामिल हैं में पेयजल परियोजना का शिलान्यास भी शनिवार को हुआ। बहु-क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के अंतर्गत निर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सदभावना मंडप जो लगभग ₹3 करोड़ की राशि से बना है शनिवार को नगर निगम को सौंप दिया गया। भूरीपहाड़ी पर लगभग ₹48 लाख की लागत से बनने वाले अम्बेडकर भवन का शिलान्यास भी हुआ। किशनगढ़बास विधानसभा के बूढ़ी बावल में शनिवार को राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण भी हुआ।

आप समझ सकते हैं कि किसी एक क्षेत्र नहीं बल्कि हर आयाम में विकास के काम किए जा रहे हैं। सड़क, स्वास्थ्य, जलापूर्ति, हम किशनगढ़बास खैरथल-तिजारा को हर क्षेत्र में उन्नति और प्रगति के लिए तैयार कर रहे हैं।

नई योजनाओं के शिलान्यास ही नहीं, पूरे हो चुके कार्यों के लोकार्पण भी तेज़ी से किए जा रहे हैं।

जहाँ एक ओर किशनगढ़बास खैरथल-तिजारा को यह सौगातें मिलीं वहीं भिवाड़ी के लिए भी बीता सप्ताह महत्वपूर्ण रहा। भिवाड़ी के इंफ्रास्ट्रक्चर को एक बड़ी उपलब्धि मिली। अधिकारियों के समन्वित प्रयासों और सतत निगरानी के परिणामस्वरूप, अलवर बायपास को भगत सिंह मार्ग से जोड़ने वाली 45 मीटर सड़क के विकास के लिए 4 मई 2009 की अधिसूचना पर लगी रोक सोमवार (1 दिसम्बर) को हुई सुनवाई में हटा दी गई। लंबे समय से लंबित यह परियोजना अब आगे बढ़ सकेगी और शहर के अंदर यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मैं इस उपलब्धि के लिए सभी भिवाड़ीवासियों को बधाई देता हूँ।

भिवाड़ी के सड़क नेटवर्क से जुड़े कुछ और शुभ समाचार आपके साथ साझा करना चाहता हूँ। ग्राम मुड़नवाड़ा कलां में ग्राम से हुलमाना की ओर डामर सड़क निर्माण के लिए ₹50 लाख स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क दो गावों का मिसिंग लिंक है जिसके बनने के बाद जिले की दो मुख्य सड़कों का जुड़ाव होगा और करीब 8,000 निवासियों को इससे सीधे फायदा मिलेगा। इसी तरह भिवाड़ी ग्राम शेरपुर से ग्राम गोकुलपुर की ओर डामर सड़क का निर्माण कार्य ₹28 लाख की लागत से शुरू हो चुका है। इस सड़क के तैयार होने के बाद ग्राम गोकुलपुर का सीधा जुड़ाव दिल्ली-जयपुर हाईवे से हो जायेगा और करीब 6,000 निवासियों को सीधा फायदा होगा।

सड़कें सिर्फ एक स्थान से दूसरे को नहीं जोड़तीं, सड़कें लोगों को विकास से जोड़ती हैं। वैसे ही पानी सिर्फ प्यास नहीं बुझाता, बल्कि जलापूर्ति किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। जब एक स्वास्थ्य केंद्र बनता है, लोगों को बेहतर स्वास्थ्य ही नहीं मिलता, बल्कि राष्ट्र को ऐसे लोग मिलते हैं जो उसकी विकास गाथा में अपना योगदान दे सकते हैं। अलवर लोकसभा क्षेत्र में होने वाला हर छोटा-बड़ा काम भारत के विकास सागर में बूँद-बूँद का योगदान दे रहा है। मुझे इस बात का गर्व भी है और खुशी भी की आपने मुझे अलवर की इन बूंदों को संजोने का जो दायित्व दिया है उसे मैं निभा पा रहा हूँ।

 

आपका अपना

भूपेंद्र यादव