Read in English | Read in Hindi
आज से संसद का शीतकालीन सत्र प्रारंभ हो रहा है। पहले राज्यसभा और अब लोकसभा में अलवर का प्रतिनिधित्व करते हुए मेरा प्रयास रहा है कि आपमें से ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को भारतीय लोकतंत्र के मंदिर, यानी संसद भवन, के भ्रमण का अवसर मिल सके। किसी भी देश की संसद उसकी अस्मिता, एकता, अखंडता, त्याग और शौर्य का जीवंत प्रतीक होती है। यहाँ लिए गए निर्णय देश का भाग्य बनाते हैं। हर भारतीय को देश के तिरंगे की भांति देश की संसद पर भी गर्व होता है। संसद भ्रमण का मेरा उद्देश्य भी इसी गर्व की अनुभूति अलवर के मेरे लोगों को कराना है।
मैंने अलवर के विकास के जो वादे किए हैं, उनमें अलवर डेयरी के आधुनिकीकरण के माध्यम से डेयरी किसानों की आय में वृद्धि अहम है। आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ₹320 करोड़ की लागत से जो आधुनिक प्लांट बनना तय हुआ था, उसका भूमि पूजन अगले 2 माह में हो जाएगा, जिसके बाद प्लांट के काम को तेज़ी से पूरा किया जाएगा। तैयार होने के पश्चात यह प्लांट प्रतिदिन 5 लाख लीटर दूध प्रोसेस कर पाएगा। यही नहीं, प्लांट में प्रतिदिन 25,000 लीटर आइसक्रीम बनाने की क्षमता भी होगी। 1970 के दशक में बना मौजूदा प्लांट की प्रोसेसिंग क्षमता कम होने के कारण किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन नया प्लांट लगते ही दुग्ध किसानों की आय बढ़ेगी। डेयरी सेक्टर में काम करने वाली महिलाओं को इससे विशेष फायदा मिलेगा।
जहाँ हम डेयरी को प्रोत्साहन दे रहे हैं वहीं शिक्षा पर भी हमारा बल केंद्रित है। मुझे आपके साथ यह जानकारी साझा करने में विशेष संतोष का अनुभव हो रहा है कि हमारे ई-लाइब्रेरी कार्यक्रम का विस्तार तेज़ी से हो रहा है। अलवर सांसद खेल उत्सव के आयोजन में मुझे अनेकों ऐसे बच्चे मिले, जो या तो खुद इन ई-लाइब्रेरीज़ में जा रहे हैं या उनके भाई-बहन वहाँ जाकर आधुनिक सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। इससे बड़ी बात क्या हो सकती है कि एक ही परिवार के बच्चे या तो खेल के मैदान पर हैं या पढ़ाई के मैदान पर। मैं ऐसे परिवारों का अभिनंदन करता हूँ जो अपने बच्चों को इन सकारात्मक पहलों से जुड़ने दे रहे हैं।
इसी क्रम में भिवाड़ी में ₹90 लाख रुपये के आवंटन के साथ बीड़ा की ई-लाइब्रेरी के द्वितीय चरण का निर्माण कार्य अब शुरू होने जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पूर्वनिर्मित लाइब्रेरी का विस्तार किया जाएगा, जिसमें प्रथम तल का निर्माण सम्मिलित है। इस कार्य के पूर्ण होने पर करीब 120 विद्यार्थी एक बार में बैठ सकेंगे। लाइब्रेरी में आधुनिक सुविधाएँ होंगी ताकि भिवाड़ी के बच्चे भी नए भारत की विकास गाथा में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे पाएं।
भिवाड़ी क्षेत्र के लिए इस पाती के माध्यम से कुछ और विकास कार्यों के समाचार भी साझा करना चाहता हूँ।
भिवाड़ी शहर में जल्द लगभग ₹2.05 करोड़ की लागत से एक आधुनिक फूड कोर्ट तैयार हो जाएगा। इस फूड कोर्ट को बनाने का उद्देश्य शहरी विकास को बढ़ावा देना और सार्वजनिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना है। यह सुविधा नागरिकों को स्वच्छ भोजन विकल्प, सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, आकर्षक हरित क्षेत्र तथा उपयुक्त स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध कराएगी। किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए जहाँ उद्योग आवश्यक होते हैं वहीं, इन संस्थानों में काम करने वाले लोगों के लिए मनोरंजन के स्थान भी ज़रूरी होते हैं। यह फूड कोर्ट भिवाड़ी के समग्र विकास में योगदान देगा।
इस समग्र विकास के विज़न में सड़कों का नवीनीकरण भी सम्मिलित है। भिवाड़ी मोड़ से खिजूरीवास टोल प्लाज़ा तक सड़क के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से ₹34 करोड़ की डीपीआर पूर्ण कर ली गई है एवं इस परियोजना को प्रशासनिक तथा वित्तीय स्वीकृति दिनांक 19.11.2025 को जारी की जा चुकी है। परियोजना में 4 किमी नई सड़क का निर्माण, सड़क का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य, स्ट्रीट लाइट सहित डिवाइडर का निर्माण, नई 4-लेन सड़क खंडों का विकास, दोनों ओर फुटपाथ और पार्किंग की व्यवस्था तथा मंजा चौक का नवीनीकरण शामिल है। यातायात की सुगमता के लिए एक नए आइलैंड के निर्माण और सड़क के दोनों ओर यूटिलिटी डक्ट भी बिछाए जाएंगे।
हम जहाँ गाँव में किसानों को आय वृद्धि के माध्यम से सशक्त कर रहे हैं, वहीं शहर में सड़कों के सौंदर्यीकरण और फूड कोर्ट जैसी सुविधाओं के माध्यम से “Ease of Living” को भी बढ़ावा दे रहे हैं। हम भारत के उज्जवल भविष्य के लिए शिक्षा को भी प्राथमिकता मानकर काम कर रहे हैं। इन सभी क्षेत्रों में आपके सुझाव लगातार मिल रहे हैं। मैं इन सुझावों और आपके स्नेह के माध्यम से अलवर के विकास के लिए कार्यरत हूँ।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव