‘एक पाती अलवर के नाम’ | 17.11.2025

17/11/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

आपको यह पत्र लिखते हुए विशेष खुशी की अनुभूति हो रही है। कल (शनिवार, 15 नवम्बर) मैं आप सभी के साथ अलवर सांसद खेल उत्सव के भव्य फाइनल्स आयोजन में सम्मिलित रहा। जो कल जीते, उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं, जो कल नहीं जीत पाए उनके लिए बस इतना कहूंगा, 'हार सिर्फ बताती है कि जीत अभी बाकी है'।

अलवर सांसद खेल उत्सव सिर्फ एक वर्ष के समय में इस संसदीय क्षेत्र की न सिर्फ पहचान बन गया है बल्कि छोटे-छोटे बच्चों के भावनात्मक जुड़ाव का पर्व भी बन गया है। मुझे कल ग्राउंड पर जो बात सबसे अच्छी लगी वो यह थी कि कई खिलाड़ी बच्चों ने मेरे पास आकर हार जाने का दुःख साझा किया, तो कई बच्चों ने मुझसे अपने मेडल्स और सर्टिफिकेट्स के साथ फोटो लेने का आग्रह भी किया। कुछ ने आगे आकर कहा हमारे क्षेत्र में खेल मैदान बनवा दें तो हम और अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे। कई ने मौजूदा मैदानों पर और सुविधाओं की मांग की। इन सभी बच्चों से मैं यह कहना चाहूँगा कि आपके सपने पूरे करने के लिए मैं और मेहनत करूँगा। अलवर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आपने मेरी संकल्पशक्ति को और हौसला दिया है।

इस आयोजन में एक बड़ा फैसला भी लिया गया। खैरथल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेसलिंग एकेडमी की स्थापना की जायेगी। इस एकेडमी को ओलंपिक पदक विजेता श्री योगेश्वर दत्त के मार्गदर्शन में स्थापित किया जायेगा। एकेडमी में कुश्ती के खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों व तकनीक के माध्यम से विश्व स्तरीय प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से दिया जायेगा।

अलवर सांसद खेल उत्सव की सफलता के लिए अलवर की पूरी जनता को बधाई देता हूँ। मैं सभी अभिभावकों, प्रशासन, पीटीआई, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और अलवर के हर उस व्यक्ति का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ जिन्होंने अलवर सांसद खेल उत्सव को अपना बना लिया है।

बीते सप्ताह जहां खेलों की धूम रही, वहीं कुछ और बड़े और महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। मैंने पिछले सोमवार (10 नवम्बर) को अलवर जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (डीएमएफटी) की गर्वनिंग काउंसिल की 8वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में 36.70 करोड़ रुपये के 161 प्रस्तावों को राज्य सरकार को भेजने का फैसला लिया गया। इन प्रस्तावों में मुख्यतः 8 करोड़ की लागत के जिला शिशु चिकित्सालय उन्नयन कार्य, परबैणी में 4.5 करोड़ की लागत के आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण कार्य, राजगढ़ में 2.99 करोड़ की लागत के पेयजल आपूर्ति कार्य, 9.31 करोड़ की लागत के विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण व मरम्मत के 74 कार्य, 2.80 करोड़ की लागत की 37 ई-लाइब्रेरी निर्माण कार्य और 19 सड़क निर्माण कार्य सहित अन्य कार्य सम्मिलित हैं।

सोमवार को ही जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की भी मैंने अध्यक्षता की और आम जन के लिए हितकारी योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन कार्यों में जिले की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लक्ष्यों के अनुरूप अधिक से अधिक नागरिकों को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए जागरूक करना, सौर संयंत्रों की स्थापना करना, मृदा कार्ड के माध्यम से अधिक से अधिक कृषकों की भूमि की मिट्टी के नमूने संग्रहित कर मिट्टी की उपजाऊपन की जांच करवाना सम्मिलित रहे।

इसी दिन मैंने अलवर शहर की पेयजल, स्वच्छता और सौंदर्यकरण के संबंध में समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए। मैंने निर्देशित किया कि ईआरसीपी व चंबल पेयजल परियोजना से जलापूर्ति होने तक शेष जल गैप की पूर्ति के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 46 एमएलडी पेयजल की जो कार्ययोजना तैयार की गई है उस पर गंभीरता से कार्य करते हुए आगामी ग्रीष्म ऋतु से पूर्व उसे धरातल पर लाया जाए। मैंने यह भी निर्देश दिए कि अवैध नल कनेक्शनों को काटने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

शहर की दीर्घकालिक पानी आपूर्ति के लिए मैंने पाइपलाइन व्यवस्था का संपूर्ण नक्शा तैयार करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है। अधिकारियों को अलवर शहर के लिए स्वीकृत अमृत 2.0 परियोजना के तहत 110 नलकूप व मुख्यमंत्री बजट घोषणा के तहत सिलीसेढ़ परियोजना के बचे हुए कामों को पूरा करवाने के लिए भी कहा। मैंने आने वाले तीन महीनों में 10 हजार रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

जहाँ मैंने जलापूर्ति को लेकर सख्त निर्देश दिए वहीं स्वच्छता पर भी बल दिया। मैंने संबंधित अधिकारियों से ड्रेनेज सिस्टम का पूरा नक्शा तैयार कर मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने को कहा है। मैंने लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए एनएचएआई से समन्वय स्थापित कर उनके प्रोजेक्ट में लीगेसी वेस्ट का प्रयोग सुनिश्चित करवाने के भी निर्देश दिए हैं। ऑटो टिपर का भी बेहतर प्रयोग हो इसके लिए भी मैंने अधिकारियों को उचित व्यवस्था बनाने को कहा है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि शहर को स्वच्छ बनाने में अपना सहयोग दें।

अलवर में हम हर क्षेत्र के विकास के लिए पूरे समर्पण भाव से कार्यरत हैं। खेल के मैदान पर प्रतिभाएं अपना जौहर दिखाएं, बाज़ार में स्वच्छता हो, गांव में सड़क हो, हर घर जल हो, महिलाओं के पास आजीविका हो, अलवर समृद्ध हो... यही मेरा प्रयास है।

अगले कुछ दिन 'कांफ्रेंस ऑफ़ पार्टीज' के लिए ब्राज़ील रहूँगा। वहाँ की गतिविधियाँ भी आपसे साझा करूँगा।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव