‘एक पाती अलवर के नाम’ | 10.11.2025

10/11/2025

BLOG

Read in English | Read in Hindi

पिछले कुछ दिन बंगाल में पार्टी द्वारा दिए गए दायित्वों का निर्वहन कर आज आपके बीच अलवर में आया हूँ। आज मैं 14 और 15 नवम्बर को होने वाली अलवर सांसद खेल उत्सव (ASKU) की फाइनल प्रतियोगिताओं के लिए तैयारियों का जायज़ा ले रहा हूँ, जिसके बाद मैं राजगढ़ में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लूँगा। मैं अलवर में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक और पानी तथा स्वछता के विषयों पर भी बैठकों की अध्यक्षता करूंगा।

मैंने अपने पिछले पत्र में आपको 15 नवम्बर को होने वाले फाइनल्स के लिए आमंत्रित किया था, आज पुनः आपसे अनुरोध करता हूँ कि 15 को अलवर के इंदिरा गाँधी स्टेडियम में आकर हमारे युवा साथियों का हौसला बढ़ायें। आपका आना अलवर में खेल संस्कृति को बढ़ावा भी देगा।

क्यूंकि हम खेलों की बात कर रहे हैं तो आपके साथ एक आवश्यक जानकारी साझा करना चाहता हूँ। हम अलवर लोकसभा क्षेत्र में कम्युनिटी स्पोर्ट्स, यानी सामुदायिक खेल, की भी शुरुआत करने जा रहे हैं। 7 नवम्बर को इन कम्युनिटी स्पोर्ट्स के पंजीकरण शुरू हो गए। पंजीकरण के लिए आप https://asku.ticketroot.com/ पर जायें और खेलों से सम्बंधित सभी जानकारियों के लिए आप 91191 30220 पर कॉल कर सकते हैं।

इन खेलों का आयोजन विधानसभा स्तर पर स्थानीय विधायक एवं नेतागण करवायेंगे। मैं खेलों को प्रोत्साहित करने के प्रति उनके समर्पण का अभिनन्दन करता हूँ।

इन प्रतियोगिताओं में आकर्षक इनाम रखे गए हैं। क्रिकेट (पुरुष) में प्रथम विजेता को दो लाख इक्यावन हजार और द्वितीय विजेता को एक लाख इक्यावन हजार का पुरस्कार दिया जायेगा। बैडमिंटन (महिला एवं पुरुष) में प्रथम पुरस्कार 31,000 रूपए होगा, वहीं द्वितीय विजेता को 11,000 रूपए का पुरस्कार दिया जायेगा।

कब्बडी (पुरुष) में विजेता टीम को एक लाख रूपए का इनाम मिलेगा, वहीं द्वितीय विजेता को 50,000 का इनाम मिलेगा। रस्साकशी (महिला एवं पुरुष) में विजेता टीम को 51,000 रूपए और द्वितीय विजेता को 21,000 रूपए का पुरस्कार दिया जायेगा। इसी प्रकार योगा में प्रथम पुरस्कार 31,000 का होगा, द्वितीय इनाम 21,000 का होगा और तृतीय पुरस्कार 11,000 रूपए का होगा। यह प्रतियोगितायें दिसम्बर से फरवरी तक चलेंगी।

जहाँ एक ओर हम खेलों पर ध्यान दे रहे हैं वहीं दूसरी ओर हम बुनियादी सुविधाओं को एक सुगम जीवन के लिए आगे बढ़ा रहे हैं। पानी की समस्या अलवर के लिए एक बड़ी परेशानी का कारण है। मैंने चुनाव में इस समस्या पर गम्भीरता से काम करने का वादा किया था। इसी क्रम में बीते सप्ताह खैरथल के 21 गांवों और शहरी इलाके में जल पहुंचाने के लिए 53.50 करोड़ की राशि को स्वीकृति मिली है। इस राशि का प्रयोग जलाशय बनाने, पम्पिंग प्रणाली तैयार करने, पाइपलाइन बिछाने, मौजूदा पाइपलाइन की मरम्त जैसे कार्यों के लिए किया जायेगा।

यही नहीं, बहरोड़ को भी 9 करोड़ रूपए दिए जा रहे हैं अपनी शहरी जल आपूर्ति प्रणाली को सुदृण बनाने के लिए। मेरा विश्वास है इन कार्यों के पूरा होने पर खैरथल तिजारा और बहरोड़ के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जल जीवन की नींव है। जब हम जल जैसी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं हम लोगों के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करते हैं। राष्ट्रनिर्माण राष्ट्र के नागरिगों की गरिमा सुनिश्चित किये बिना नहीं हो सकता। इसीलिए मैं अलवर क्षेत्र में जल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने में लगा हूँ।

अलवर में रहने वालों ने अपने शहर में एक नयी मशीन देखी होगी। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अन्तर्गत अलबर को 2.2 करोड़ की लागत से 4 मैकेनिकल ट्रक माउण्टेड रोड स्वीपर मशीनें मिली हैं। इन मशीनों का उद्देश्य मुख्य रूप से सड़कों के किनारे जमी हुई मिट्टी, धूल, कूड़े और बारीक कणों को हटाना है। जिससे वायु प्रदूषण (PM10 और PM2.5 धूल के कण) पर नियंत्रण किया जा सकेगा और शहर की सुंदरता बढेगी। इन मशीनों में ट्रक माउंटेड वैक्यूम स्वीपिंग तकनीक का प्रयोग हुआ है जो कचरे की प्रभावी सफाई करती है। उन्नत सक्शन सिस्टम से लैस स्वीपर मशीनें मलबे, धूल और यहां तक की रेत और बजरी जैसे धूल और बारीक कणों को वैक्यूम के माध्यम से उठाकर, हवा में धूल के कणों को कम करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं। एक रोड़ स्वीपिंग मशीन के द्वारा एक घंटे में लगभग 4 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा सकती है। चार स्वीपर मशीनों से हम एक घंटे में लगभग 16 किलोमीटर तक सड़कों की सफाई कर रहे हैं।

हम अलवर को स्वच्छ, सुन्दर और स्वस्थ बनाने के लिए संकल्पशक्ति से काम कर रहे हैं। अलवर तेज़ी से बदल रहा है।

आपका अपना

भूपेंद्र यादव