Read in English | Read in Hindi
आशा करता हूँ आप सभी ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई-दूज के पर्वों को सहर्ष अपने परिजनों के साथ मनाया। इन उत्सवों की घड़ी में आप सभी का स्नेह मुझे मिला। कई लोगों ने अलवर से दिल्ली आकर, तो कई लोगों ने फोन के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं, मैं आप सभी का धन्यवाद देता हूँ। आपका यही स्नेह मुझे अलवर के विकास के लिए निरंतर कार्यरत रहने की ऊर्जा देता है।
इसी ऊर्जा के साथ काम करते हुए हमने अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 111 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्राप्त कर ली है।
जल्द ही अलवर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम शुरू हो सकेगा। इस पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन परिसर में अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, फूड कोर्ट, लिफ्ट और एस्केलेटर, डिजिटल सूचना डिस्प्ले, हरित ऊर्जा आधारित भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही दिव्यांगजन अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्याप्त पार्किंग भी विकसित की जाएगी। जहां एक ओर इन सुविधाओं से यात्रियों को यात्रा में सुगमता मिलेगी वहीं एक आधुनिक स्टेशन अलवर को पर्यटन का गढ़ बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा। हम इस कार्य को जल्द पूरा कर लेंगे।
साथ ही मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (RIICO) ने खिजुरिवास टोल प्लाजा से टपूकड़ा स्टेट हाईवे 25 के चौड़ीकरण कार्य के लिए 37.45 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। इस कार्य के अंतर्गत सड़क को 4 लेन से 6 लेन में बदला जाएगा। इसमें दोनों तरफ नाला निर्माण का कार्य भी शामिल है। यह चौड़ीकरण कार्य खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से होने वाले भारी वाहनों के दबाव को कम करेगा, जाम से राहत देगा और दुर्घटनाओं को कम करेगा। रेल यात्रा से लेकर सड़क यात्रा तक मैं अलवरवासियों को हर सुविधा देने के लिए लगातार कार्यरत हूँ।
मैंने इस पाती और अपने भाषणों के माध्यम से यह कई बार कहा है कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुगम बनाने के लिए संकल्पित है। इसी संकल्प को सिद्धि तक ले जाने के एक प्रयास में केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स के लिए अलवर में जो वेलनेस सेंटर बनना तय हुआ था उसके लिए अलवर शहर की आयकर कॉलोनी में दो क्वार्टर चिन्हित किए जा चुके हैं। साथ ही वेलनेस सेंटर को चलाने के लिए स्टाफ स्वीकृति भी आ चुकी है। इस सेंटर के बनने के बाद गंभीर बीमारियों के लिए लोगों को दिल्ली व जयपुर नहीं जाना पड़ेगा।
आप सभी मेरी इस बात को जरूर मानेंगे कि बीमारी का इलाज करवाने से बेहतर बीमारी से बचाव है। एक स्वस्थ जीवनशैली ही एक निरोगी शरीर सुनिश्चित करती है। मेरा प्रयास है कि अलवर में न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं हों बल्कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए मूलभूत सुविधाएं भी हों। इसका एक कारण यह भी है कि स्वस्थ जीवनशैली पर्यावरण अनुकूल भी होती है। इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए हम आर. आर. कॉलेज से ज्योतिराव फुले सर्किल तक एक सुगम और सुरक्षित साइकिल ट्रैक का निर्माण कर रहे हैं। यह ट्रैक लगभग 1.8 किलोमीटर लंबा होगा, जो एक सुरक्षित पथ प्रदान करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को साइकिल ट्रैकिंग के लिए एक बेहतर सुविधा प्रदान करना है। इस ट्रैक का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे शहर में स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
आप सभी जानते हैं कि अलवर में खेलों का पर्व अलवर सांसद खेल उत्सव (ASKU) परसों यानी 29 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। 29 से 31 मैं खुद मैदानों पर इस खेल उत्सव का आनंद लेने के लिए उपस्थित रहूँगा।
लेकिन इस पर्व से चार दिन पहले हमने दिल्ली में एक और 'मिनी पर्व' मनाया, जहाँ मैंने अलवर और देश के कुछ और हिस्सों से आए सामाजिक विकास को समर्पित लोगों के साथ संवाद किया। इस संवाद में मुझे महिलाओं और युवाओं के समग्र विकास पर केंद्रित अलवर में किए जा रहे अपने प्रयासों के बारे में बताने का अवसर मिला। इन प्रयासों के लिए जो सराहना और स्नेह मिला, उससे अभिभूत हूँ।
देश का हर व्यक्ति राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाता है, लेकिन अक्सर यह देखा गया है कि जो समाज अपने युवाओं और महिलाओं को सशक्त करते हैं, वहाँ विकास नए आयाम छूता है। पिछले एक वर्ष में हमने महिलाओं के कौशल विकास के लिए डेयरी से लेकर पॉटरी और जूते बनाने जैसी ट्रेनिंग उपलब्ध कराई है। आज एक संस्था के साथ मिलकर हम अलवर की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की मार्केटिंग पर भी काम कर रहे हैं।
हमारी ई-लाइब्रेरीज और ज्ञान वाहनों से युवा लाभान्वित हो रहे हैं। 29 से 31 अक्टूबर तक खेलों में इस बार 50,000 युवा खिलाड़ी अपना हुनर दिखाते, मैदानों में गिरते, उठते, संभलते और सीखते नजर आएंगे। यह अलवर के लिए गर्व का पर्व होगा। आप सभी इन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने अवश्य आएं।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव