Read in English | Read in Hindi
समस्त अलवरवासियों को प्रकाश के पर्व दीपावली पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ। दीपावली का पर्व हमारी सत्प्रवृत्तियों, प्रेम, करुणा, शुभ और लाभ का प्रतीक है। यह पर्व हमारे अंतःकरण को आलोकित करता है।
ब्राज़ील में Pre-COP और साउथ अफ्रीका में G20 पर्यावरण मंत्रियों की बैठक में सम्मिलित होकर अपना आठ-दिवसीय विदेश दौरा संम्पन कर जब मैं भारत लौटा तो आप में से कई लोगों से दिल्ली में मिलने का अवसर मिला। आपने अलवर से दिल्ली आकर इस दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं, इसके लिए आपका आभारी हूँ।
जहाँ आज हम दीपावली का पर्व मना रहे हैं, वहीं अगले सप्ताह हम खेलों का उत्सव मनाने की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं। इस पाती के माध्यम से मैंने आपको बताया था की 29-31 अक्टूबर तक अलवर सांसद खेल उत्सव (ASKU) के अंतर्गत पूरे लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
क्यूंकि आज एक शुभ अवसर है मैं खेल और खिलाड़ियों के लिए एक शुभ समाचार आपसे साझा करना चाहता हूँ। भिवाड़ी में स्थित बीड़ा स्टेडियम के फेज-2 के लिए 20 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिल गयी है। इस चरण में 5,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक आधुनिक इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल, 10 मीटर एवं 25 मीटर की साउंडप्रूफ अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्क्वैश, रैसलिंग, जूडो, बॉक्सिंग, चेस, कैरम और टेबल टेनिस जैसी खेल सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इसके अलावा इसमें एक बहुउद्देशीय हॉल भी विकसित किया जाएगा। स्टेडियम परिसर में बॉक्स क्रिकेट ओपन कोर्ट तथा खो-खो सहित अन्य खेलों के लिए ओपन ग्राउंड भी विकसित किए जाएंगे।
हम प्रतिभाओं और हौसलों में कभी किसी से कम नहीं रहे। लेकिन हमारे खिलाड़ियों को दशकों तक आधारभूत संरचना के अभाव का सामना करना पड़ा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में इस व्यवस्था में तेज़ी से बदलाव आ रहा है। आज हम हर खिलाड़ी तक आधुनिक सुविधाएं ले जा रहे हैं। भिवाड़ी के बीड़ा स्टेडियम का यह कार्य भी उसी दिशा में एक कदम है।
आपको एक और शुभ समाचार देना चाहता हूँ। बीते सप्ताह प्रताप बंध से बालाकिला तक सड़क एवं दीवार की मरम्मत के लिए 5.79 करोड़ की राशि को स्वीकृति मिली। सड़क के साथ लगती दीवार के सुदृढ़ होने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि सड़क को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ-साथ बाला किला रास्ते से होते हुए करणी माता मंदिर, तोप वाले हनुमान जी जैसे धार्मिक स्थलों पर जाने वाले लोगों का आवागमन भी सुगम हो सकेगा। इस कार्य के पूरा होने पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को ही सुविधा मिलेगी।
जहाँ हम देश में तेज़ी से इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कार्य कर रहे हैं, वहीं हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं की देश का हर व्यक्ति गरिमापूर्ण जीवन जी सके। मैं आपको यह बताते हुए बहुत खुश तो हूँ ही मगर थोड़ा भावुक भी हूँ कि धनतेरस (18 अक्टूबर) को अलवर के 221 परिवारों ने अपने खुद के घर में अपना पहला कदम रखा। यह घर इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण बेघर नागरिकों को पक्का मकान देना करना है। घर सिर्फ एक आश्रय नहीं है, यह किसी व्यक्ति की पहचान और गरिमा का प्रतीक भी है। घर भावनात्मक और सामाजिक स्थिरता का दूसरा नाम है।
मैं इस सभी 221 परिवारों को अपने घर में प्रवेश पर विशेष बधाई देता हूँ। आपका घर आपके सुख और समृद्धि लाए। मैं ज़िला प्रशासन का धनतेरस के अवसर पर लोगों को उनका घर देने के लिए हुए प्रयासों के लिए अभिनन्दन करता हूँ।
हम सभी मिलकर युहीं खुशियाँ बांटते रहें, यही आशा है।
आने वाली 26 तारीख को मैं आपके बीच बहरोड़ में रहूँगा, जहाँ विधानसभा सम्मलेन में सम्मिलित हूँगा।
मेरी प्रार्थना है यह दीपोत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा, आरोग्य और समृद्धि लेकर आए।
आपका अपना
भूपेंद्र यादव